“ग्रेटर नोएडा में GL Bajaj College के बड़ा कोई धोखेबाज नहीं”, सैकड़ों छात्रों ने किया प्रदर्शन, जानें पूरा मामला

ग्रेटर नोएडा के जीएल बजाज कॉलेज में एडमिशन को लेकर छात्रों ने विरोध प्रदर्शन किया। छात्रों का आरोप है कि ग्रेटर नोएडा कैंपस के नाम पर दाखिला लेने के बाद उनका रजिस्ट्रेशन मथुरा ब्रांच में कर दिया गया। मामले में छात्रों और समाजवादी छात्र सभा ने कॉलेज प्रशासन से समाधान की मांग की है...

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 23 September 2026, 12:44 AM IST
google-preferred

Greater Noida News: ग्रेटर नोएडा के नॉलेज पार्क स्थित जीएल बजाज कॉलेज में बुधवार को छात्रों ने जमकर विरोध प्रदर्शन किया। कॉलेज प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी करते हुए छात्रों ने एडमिशन प्रक्रिया में गड़बड़ी का आरोप लगाया। छात्रों का कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस के लिए दाखिला लिया था, लेकिन बाद में उनका रजिस्ट्रेशन मथुरा स्थित ब्रांच में कर दिया गया। इसको लेकर छात्रों में नाराजगी है और उन्होंने कॉलेज प्रबंधन से समाधान की मांग की है।

छात्रों ने लगाया एडमिशन में धोखाधड़ी का आरोप

प्रदर्शन कर रही छात्रा निरुपमा यादव ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के साथ धोखा किया है। उन्होंने बताया कि ग्रेटर नोएडा कैंपस के नाम पर एडमिशन लिया गया और फीस भी जमा कराई गई, लेकिन बाद में पता चला कि उनका रजिस्ट्रेशन मथुरा ब्रांच में किया गया है। छात्रा के मुताबिक, उन्होंने कॉलेज और हॉस्टल की फीस के रूप में करीब 1 लाख 72 हजार रुपए जमा किए हैं। छात्रों का कहना है कि जब उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस के लिए फीस दी है तो उनकी पढ़ाई और एडमिशन भी इसी कैंपस में होना चाहिए।

छात्रों को मथुरा भेजने पर बढ़ा विवाद

छात्र प्रिंस ने बताया कि उन्होंने भी करीब 1 लाख 72 हजार रुपए फीस जमा की थी। बाद में कॉलेज की ओर से जानकारी दी गई कि उनका एडमिशन मथुरा ब्रांच में हुआ है। छात्रों का आरोप है कि जब उन्होंने इस मामले में कॉलेज प्रशासन से बात की तो उन्हें बताया गया कि सिर्फ परीक्षा देने के लिए मथुरा जाना होगा और बाकी सुविधाएं ग्रेटर नोएडा कैंपस में मिलती रहेंगी। हालांकि छात्र मथुरा जाने से इनकार कर रहे हैं। उनका कहना है कि उन्होंने ग्रेटर नोएडा कैंपस को ध्यान में रखकर दाखिला लिया था, इसलिए उन्हें किसी दूसरे कैंपस में भेजना उचित नहीं है।

समाजवादी छात्र सभा ने दी आंदोलन की चेतावनी

छात्रों के प्रदर्शन में समाजवादी छात्र सभा के पदाधिकारी भी शामिल हुए। समाजवादी छात्र सभा के जिला अध्यक्ष मोहित नागर ने आरोप लगाया कि कॉलेज प्रशासन ने छात्रों के साथ गलत किया है। मोहित ने आगे कहा कि ग्रेटर नोएडा में GL Bajaj College के बड़ा कोई धोखेबाज नहीं है। अभी तक काफी छात्रों के साथ विश्वासघात इस कॉलेज के द्वारा किया जा चुका है। उन्होंने मांग की कि सभी छात्रों का एडमिशन ग्रेटर नोएडा कैंपस में ही सुनिश्चित किया जाए। साथ ही चेतावनी दी कि अगर छात्रों की समस्या का समाधान नहीं किया गया तो कॉलेज में तालाबंदी की जाएगी। बताया जा रहा है कि इस मामले में करीब 150 से ज्यादा छात्र प्रभावित हैं, जिनका एडमिशन ग्रेटर नोएडा कैंपस के लिए हुआ था, लेकिन उन्हें मथुरा ब्रांच भेजने की बात कही जा रही है।

कॉलेज प्रबंधन ने दिया समाधान का भरोसा

प्रदर्शन के बाद छात्रों के प्रतिनिधिमंडल ने कॉलेज प्रबंधन से बातचीत की। बातचीत के दौरान कॉलेज प्रशासन की ओर से समस्या के समाधान का आश्वासन दिया गया है। छात्रों को 26 सितंबर तक का समय दिया गया है। वहीं समाजवादी छात्र सभा ने साफ कहा है कि अगर तय समय तक समाधान नहीं हुआ तो कॉलेज के खिलाफ बड़ा आंदोलन किया जाएगा।

Location :  Greater Noida

Published :  23 September 2026, 12:44 AM IST

Advertisement