हिंदी
ढकवा नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी (Image: Dynamite News)
Pratapgarh News: ढकवा नगर पंचायत की सियासत में मंगलवार देर शाम उस वक्त बड़ा भूचाल आ गया, जब भ्रष्टाचार और वित्तीय अनियमितताओं के गंभीर आरोपों से घिरे नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी पर शासन ने बड़ी कार्रवाई कर दी। राज्यपाल के आदेश पर अशोक त्यागी को नगर पंचायत अध्यक्ष के पद से बर्खास्त कर दिया गया है। मंगलवार, 22 सितंबर को इस संबंध में शासनादेश जारी होते ही नगर क्षेत्र में चर्चाओं का दौर शुरू हो गया।
शासनादेश के मुताबिक, नगर पंचायत अध्यक्ष अशोक त्यागी पर वित्तीय अनियमितता, पद के दुरुपयोग और भ्रष्टाचार समेत कुल 14 आरोप लगाए गए थे। इन शिकायतों और आरोपों की विस्तृत जांच कराई गई। जांच के दौरान सभी 14 आरोप प्रथम दृष्टया सही पाए गए। जांच रिपोर्ट सामने आने के बाद शासन स्तर पर मामले को गंभीरता से लेते हुए अध्यक्ष के खिलाफ बर्खास्तगी की कार्रवाई की गई। शासनादेश प्रमुख सचिव पी. गुरु प्रसाद और उपसचिव राजेश्वरी प्रसाद के हस्ताक्षर से जारी किया गया है। राज्यपाल के आदेश के बाद हुई इस कार्रवाई को ढकवा नगर पंचायत में अब तक की बड़ी प्रशासनिक कार्रवाई माना जा रहा है।
अशोक त्यागी की बर्खास्तगी की खबर सामने आते ही ढकवा नगर पंचायत क्षेत्र में राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गईं। नगर पंचायत अध्यक्ष के खिलाफ 14 आरोपों की जांच और उसके बाद हुई कार्रवाई ने स्थानीय सियासत में नए समीकरणों की चर्चा शुरू कर दी है। कार्रवाई के बाद समर्थकों में मायूसी है, जबकि विरोधी खेमे में इसे भ्रष्टाचार के खिलाफ शासन की कार्रवाई के तौर पर देखा जा रहा है।
अध्यक्ष पद से अशोक त्यागी की बर्खास्तगी के बाद अब सबसे बड़ा सवाल यह है कि ढकवा नगर पंचायत की जिम्मेदारी आगे किसे सौंपी जाएगी। नियमानुसार आगे की प्रशासनिक प्रक्रिया पूरी की जाएगी। ऐसे में कार्यवाहक व्यवस्था बनेगी या किसी अधिकारी को जिम्मेदारी दी जाएगी, इस पर सभी की नजरें टिकी हैं। फिलहाल शासन के आदेश के बाद स्थानीय प्रशासन के सामने नगर पंचायत के कामकाज को सुचारु रखने और आगे की प्रक्रिया पूरी करने की जिम्मेदारी है। इस कार्रवाई के बाद ढकवा नगर पंचायत की स्थानीय राजनीति में आने वाले दिनों में और बदलाव देखने को मिल सकते हैं।
Location : Pratapgarh
Published : 22 September 2026, 10:18 PM IST
Topics : Ashok Tyagi Dhakwa Nagar Panchayat Nagar Panchayat Chairman Pratapgarh Politics pratapgarh news