हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Pinterest)
Muzaffarnagar: उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले से एक शर्मनाक घटना सामने आई है, जहां सुबह-सुबह मॉर्निंग वॉक से लौट रही एक महिला के साथ सड़क पर छेड़छाड़ की गई। घटना का CCTV फुटेज सामने आने के बाद इलाके में हड़कंप मच गया। वायरल वीडियो में एक अज्ञात व्यक्ति महिला का पीछा करते हुए उसके साथ जबरदस्ती करता नजर आ रहा है। महिला के विरोध और शोर मचाने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने मामले का संज्ञान लिया और आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
मामला मुजफ्फरनगर जिले के खतौली कोतवाली क्षेत्र का बताया जा रहा है। जानकारी के मुताबिक, 15 सितंबर की सुबह एक महिला रोज की तरह मॉर्निंग वॉक के बाद अपने घर वापस लौट रही थी। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति उसका पीछा करते हुए वहां पहुंचा और अचानक महिला के साथ छेड़छाड़ कर दी। महिला ने जब इसका विरोध करते हुए शोर मचाया तो आरोपी वहां से भाग निकला। पूरी घटना पास ही लगे एक मकान के CCTV कैमरे में रिकॉर्ड हो गई। बाद में यही वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद पुलिस प्रशासन सक्रिय हुआ।
सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद मुजफ्फरनगर पुलिस ने मामले को गंभीरता से लिया। वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर खतौली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस अब CCTV फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान करने में जुटी है। पुलिस अधिकारियों के मुताबिक, आरोपी की पहचान के लिए टीमें लगाई गई हैं और जल्द ही उसे गिरफ्तार कर कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इस मामले में सीओ खतौली रूपाली राव ने बताया कि सोशल मीडिया पर एक वीडियो प्रसारित हो रहा था, जिसमें एक व्यक्ति महिला के साथ छेड़खानी करता दिखाई दे रहा है। पुलिस ने वीडियो का संज्ञान लेते हुए तत्काल मुकदमा दर्ज कर लिया है। उन्होंने बताया कि आरोपी की पहचान के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। इसके लिए पुलिस की टीमें लगाई गई हैं और पहचान होने के बाद आरोपी को जल्द गिरफ्तार कर उसके खिलाफ वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Muzaffarnagar
Published : 22 September 2026, 10:56 PM IST