हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (Image: Social Media)
Siddharthnagar News: उत्तर प्रदेश के सिद्धार्थनगर जिले में शादी की खुशियां उस वक्त मातम में बदल गईं, जब सुहागरात के अगले ही दिन दूल्हा-दुल्हन की कमरे में संदिग्ध हालत में मौत हो गई। सुबह जब काफी देर तक दोनों कमरे से बाहर नहीं निकले तो परिजन उन्हें जगाने पहुंचे। दरवाजा खुलने पर अंदर का नजारा देखकर सभी के होश उड़ गए। कमरे में दुल्हन लाल जोड़े में फर्श पर पड़ी थी, जबकि दूल्हे का शव फंदे से लटका हुआ मिला। घटना के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी है।
घटना कोतवाली थाना क्षेत्र की बताई जा रही है। परिवार के मुताबिक, मंगलवार सुबह करीब 7 बजे तक दूल्हा-दुल्हन कमरे से बाहर नहीं आए। इसके बाद दूल्हे की मौसी मीनाक्षी उन्हें जगाने पहुंचीं। उन्होंने कई बार आवाज लगाई, लेकिन अंदर से कोई जवाब नहीं मिला। जब दरवाजा खटखटाया गया तो वह खुल गया। कमरे के अंदर दोनों की लाशें देखकर मौसी चीख पड़ीं। आवाज सुनकर परिवार के अन्य लोग मौके पर पहुंचे और दूल्हे के शव को फंदे से नीचे उतारा।
मृतकों की पहचान देशराज चौहान (24) और अनीता चौहान (22) के रूप में हुई है। दोनों ने 21 सितंबर यानी सोमवार को बांसी के टेकधर बाबा मंदिर में शादी की थी। शादी के बाद शाम को घर में बहुभोज का कार्यक्रम आयोजित किया गया था, जिसमें रिश्तेदार और आसपास के लोग शामिल हुए थे। बताया जा रहा है कि कार्यक्रम रात करीब 11 बजे तक चला। इस दौरान दूल्हा-दुल्हन ने भी डीजे पर डांस किया था। इसके बाद परिवार के लोग अपने-अपने कमरों में सोने चले गए और देशराज-अनीता भी अपने कमरे में चले गए।
देशराज चौहान जनियाजोत गांव का रहने वाला था, जबकि अनीता कड़जहवा गांव की निवासी थी। दोनों के घरों की दूरी करीब 15 किलोमीटर बताई जा रही है। परिजनों के अनुसार, करीब तीन महीने पहले दोनों की शादी तय हुई थी। शादी की तारीख मई 2027 रखी गई थी और जुलाई में दोनों की सगाई भी हुई थी। इसके बाद देशराज काम के लिए दिल्ली चला गया था, जहां वह पानीपुरी की दुकान पर काम करता था। इस दौरान दोनों के बीच फोन पर बातचीत होती रहती थी। करीब 15 दिन पहले देशराज दिल्ली से वापस लौटा था। इसी दौरान अनीता भी उसके घर आई, जिसके बाद परिवारों ने जल्दी शादी कराने का फैसला लिया।
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, शुरुआती जांच में सामने आया है कि रात करीब 1 बजे अनीता के पुराने परिचित ने उसके मोबाइल पर एक वीडियो भेजा था। कथित तौर पर पति देशराज ने वह वीडियो देख लिया, जिसके बाद दोनों के बीच विवाद हुआ। पुलिस को आशंका है कि विवाद बढ़ने के बाद पति ने पत्नी की हत्या कर दी और बाद में खुद फंदे से लटककर जान दे दी। हालांकि पुलिस अभी सभी पहलुओं की जांच कर रही है और किसी अंतिम निष्कर्ष पर नहीं पहुंची है।
घटना की सूचना के बाद पुलिस अधिकारियों ने मौके का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। दूल्हे के पिता मुकेश चौहान ने बताया कि उन्हें रात में हुई किसी घटना की जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि सुबह मौसी के शोर मचाने के बाद उन्हें मामले की जानकारी हुई। फिलहाल पुलिस मोबाइल रिकॉर्ड, परिजनों के बयान और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है। इस मामले में पुलिस का कहना है कि कुछ भी कहना अभी सही नहीं है। जब तक पोस्टमार्टम रिपोर्ट नहीं आ जाएगी। इस कहानी में कोई कुछ नहीं बोल सकता। पुलिस ने वादा किया है कि जल्द इस मौत मामले की कहानी का पर्दा उठेगा।
Location : Siddharthnagar
Published : 23 September 2026, 12:55 AM IST