

डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ फैसलों का असर अब अमेरिका की थाली पर दिखने लगा है। खाने-पीने की चीजों के आयात पर बढ़ा शुल्क आम जनता की जेब पर भारी पड़ेगा। केले, कॉफी, झींगा और दाल से लेकर दूध और चावल तक सब हो जाएगा महंगा।
डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ का अमेरिकी थाली पर असर
New Delhi: अमेरिका में 1 अगस्त से लागू हुए डोनाल्ड ट्रंप के नए टैरिफ का सीधा असर अब अमेरिकी जनता की जेब और थाली दोनों पर पड़ने वाला है। ट्रंप ने 80 से ज्यादा देशों से आने वाले उत्पादों पर टैरिफ बढ़ा दिया है। अमेरिका पहले ही 71 प्रतिशत आयातित वस्तुओं पर 10% बेसलाइन टैरिफ लागू करता है, लेकिन अब यह दरें कई देशों के लिए 25% से 50% तक बढ़ा दी गई हैं। इसका सबसे बड़ा असर खाद्य उत्पादों पर पड़ने वाला है क्योंकि अमेरिका खाने-पीने की चीजों के लिए बहुत हद तक आयात पर निर्भर है।
अमेरिका में केला एक अहम फल है जिसे केक, स्मूदी और स्नैक्स में जमकर इस्तेमाल किया जाता है। अमेरिका ने 2023 में 2 अरब डॉलर से अधिक का केले का आयात किया था, जिसमें से अधिकतर ग्वाटेमाला और मध्य अमेरिकी देशों से आया था। अब इन पर टैरिफ लगने के बाद उपभोक्ताओं को अधिक कीमत चुकानी पड़ सकती है।
खाने-पीने की चीजों के आयात पर बढ़ा शुल्क
कनाडा और मेक्सिको अमेरिका के दो सबसे बड़े फूड सप्लायर हैं। कनाडा से गेहूं, जौ, मक्का, मछली, मीट, ओट्स और मैपल सिरप आता है, वहीं मेक्सिको से टमाटर, प्याज, नींबू, स्ट्रॉबेरी, एवोकाडो, और पालक जैसे फल-सब्जियां। अमेरिका ने कनाडा पर 35% और मेक्सिको पर 25% का टैरिफ लगाया है। यह सीधे तौर पर आम अमेरिकी उपभोक्ताओं को प्रभावित करेगा क्योंकि आयात महंगा होने से खुदरा कीमतें भी बढ़ सकती है।
साल 2024 में अमेरिका ने कुल 221 अरब डॉलर के फूड प्रोडक्ट्स का आयात किया। इनमें से 74% यानी 163 अरब डॉलर के उत्पाद अब टैरिफ के दायरे में हैं। अमेरिका के टॉप-5 फूड एक्सपोर्टर्स - मेक्सिको, कनाडा, यूरोपीय यूनियन, ब्राजील और चीन हैं, जो कुल फूड इम्पोर्ट का 62% हिस्सा रखते हैं।
अमेरिका में टैरिफ बढ़ने से महंगाई का खतरा
अमेरिका ने चीन पर 30% और भारत पर 25% टैरिफ लगाया है। चीन से अमेरिका में फ्रोजन फिश और एप्पल जूस का आयात होता है, वहीं भारत से झींगा मछली की भारी मात्रा में सप्लाई की जाती है। भारत ने 2023-24 में अमेरिका को लगभग 17.8 लाख टन सीफूड भेजा, जिनमें करीब 3 लाख टन फ्रोजन झींगे थे।
ब्राजील से अमेरिका में कॉफी, संतरे का रस और मीट का आयात होता है। ट्रंप ने ब्राजील पर 50% टैरिफ लगाया है, जिससे ब्राजीलियन कॉफी जैसी लोकप्रिय चीजों की कीमतें भी बढ़ने की संभावना है। इसके अलावा, आयरलैंड से बटर, वियतनाम से काजू, थाइलैंड से चावल, न्यूजीलैंड से दूध और ऑस्ट्रेलिया से लैम्ब मीट जैसी चीजों पर भी टैरिफ का असर पड़ सकता है।
इस टैरिफ नीति से अमेरिका में खाने-पीने की चीजें निश्चित रूप से महंगी हो सकती है, जिसका खामियाजा आम जनता को भुगतना पड़ सकता है।