हिंदी
पिकअप से भिड़ी कार (IMG: Dynamite News)
Maharajganj: गोरखपुर मंदिर में दर्शन करने जा रहे एक परिवार की खुशियों पर शनिवार सुबह सड़क हादसे ने ऐसा कहर बरपाया कि पूरे परिवार में चीख-पुकार मच गई। महराजगंज के कोल्हुई थाना क्षेत्र में गोरखपुर-सोनौली राष्ट्रीय राजमार्ग (एनएच-24) पर तेज रफ्तार पिकअप और कार की आमने-सामने की टक्कर में एक व्यापारी की मौके पर ही जान चली गई, जबकि परिवार के कई सदस्य घायल हो गए। हादसा इतना भीषण था कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और मौके पर अफरा-तफरी मच गई।
यह हादसा शनिवार सुबह करीब 9:30 बजे कोल्हुई थाना क्षेत्र के ग्राम गुलरिहा कला स्थित फ्लाईओवर पर हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार सामने से आ रही तेज रफ्तार पिकअप और कार के बीच जोरदार टक्कर हुई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
पुलिस के अनुसार, नौतनवा थाना क्षेत्र के अड्डा बाजार निवासी व्यापारी लखीचंद अग्रहरि (57) अपने पुत्र सुमित अग्रहरि, रविंद्र अग्रहरि, सुनीता अग्रहरि, राजलक्ष्मी अग्रहरि और परिवार के दो बच्चों के साथ कार से गोरखपुर मंदिर में दर्शन करने जा रहे थे।
सूचना मिलते ही कोल्हुई थानाध्यक्ष, एकसड़वा चौकी प्रभारी और पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लक्ष्मीपुर पहुंचाया। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद व्यापारी लखीचंद अग्रहरि को मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया।
महराजगंज में खतरे के साए में गुजर रहे लोग, जर्जर भवन कभी भी बन सकता है मौत का कारण
हादसे में घायल सुनीता अग्रहरि और राजलक्ष्मी अग्रहरि की हालत गंभीर होने पर डॉक्टरों ने उन्हें प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल महराजगंज रेफर कर दिया। वहीं अन्य घायलों का इलाज जारी है। राहत की बात यह रही कि कार में सवार दोनों बच्चों को गंभीर चोट नहीं आई। हालांकि हादसे के बाद वे भी काफी सहमे हुए थे।
कोल्हुई थाना प्रभारी कुंवर गौरव सिंह ने बताया कि दुर्घटना के बाद पिकअप चालक वाहन छोड़कर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त पिकअप और कार दोनों को कब्जे में ले लिया है।
पुलिस ने मृतक के शव का पंचायतनामा भरने के बाद उसे पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल की मोर्चरी भेज दिया है। साथ ही हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी गई है। प्रारंभिक जांच में तेज रफ्तार और आमने-सामने की टक्कर हादसे की वजह मानी जा रही है। पुलिस का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
Location : Maharajganj
Published : 1 August 2026, 1:19 PM IST