महराजगंज रेलवे न्यू लाइन प्रोजेक्ट में बड़ा बवाल, आपस में भिड़े दो इंजीनियर; जानें क्या है पूरा विवाद

महराजगंज में रेलवे न्यू लाइन प्रोजेक्ट में अटेंडेंस रजिस्टर को लेकर इंजीनियरों के बीच भयंकर हाथापाई! जान से मारने की धमकी और मारपीट के बाद दोनों पक्षों पर BNS और SC/ST एक्ट में FIR दर्ज। जानिए क्या है पूरा मामला।

Maharajganj: महराजगंज में रेलवे की नई लाइन परियोजना उस समय विवादों में घिर गई, जब परियोजना में कार्यरत Cemosa Introsoft Solutions Pvt. Ltd. के कर्मचारियों के बीच उपस्थिति रजिस्टर को लेकर तीखी झड़प हो गई। विवाद अब पुलिस और न्यायालय तक पहुंच गया है।

मामले में Site Supervisor (Civil) विशाल सोनकर तथा Structure Engineer रविकांत शर्मा ने एक-दूसरे के खिलाफ गंभीर आरोप लगाते हुए तहरीर दी है। वहीं, Resident Engineer (Civil) संदीप कुमार शर्मा पर भी धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं। पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायत के आधार पर अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जान से मारने की दी धमकी

Site Supervisor (Civil) विशाल सोनकर ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि रेलवे परियोजना के उपस्थिति रजिस्टर में कथित अनियमितताएं और गलत प्रविष्टियां की जा रही थीं। जब उन्होंने इस संबंध में Resident Engineer (Civil) संदीप कुमार शर्मा से शिकायत कर नियमों के अनुसार उपस्थिति दर्ज करने का अनुरोध किया तो वह नाराज हो गए और कथित रूप से जान से मरवाने की धमकी दी।

महराजगंज में खतरे के साए में गुजर रहे लोग, जर्जर भवन कभी भी बन सकता है मौत का कारण

विशाल सोनकर का आरोप है कि बाद में Structure Engineer रविकांत शर्मा की अनुपस्थिति पर उन्हें उपस्थिति रजिस्टर में Absent दर्ज किया गया, जिससे नाराज होकर रविकांत शर्मा ने कार्यालय परिसर में उनके साथ गाली-गलौज, मारपीट और हाथापाई की।

उन्होंने अपने पास मेडिकल रिपोर्ट, उपस्थिति रजिस्टर की प्रतिलिपि तथा प्रत्यक्षदर्शियों के बयान होने का दावा किया है। साथ ही उन्होंने जातिगत आधार पर अपमानित और प्रताड़ित किए जाने का भी आरोप लगाया है, जिसके आधार पर पुलिस ने एससी/एसटी एक्ट की संबंधित धाराओं में भी मुकदमा दर्ज किया है।

रविकांत शर्मा ने लगया गंभीर आरोप

दूसरी ओर Structure Engineer रविकांत शर्मा ने अपनी तहरीर में आरोप लगाया है कि 29 जुलाई की सुबह करीब 9 बजे उपस्थिति को लेकर Site Supervisor (Civil) विशाल सोनकर ने उनके साथ गाली-गलौज की, मारपीट की और जान से मारने की धमकी दी। उन्होंने घटना का वीडियो अपने पास होने का दावा करते हुए पुलिस से कार्रवाई की मांग की है।

‘महराजगंज पहल’ बनी अनाथ बच्चों की नई उम्मीद, 1456 बच्चों को योजनाओं से जोड़ने निकला प्रशासन

मामले में पुलिस का कड़ा एक्शन

पुलिस ने दोनों पक्षों की तहरीरों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की संबंधित धाराओं के तहत अलग-अलग मुकदमे दर्ज कर लिए हैं। विशाल सोनकर की तहरीर पर मारपीट, धमकी तथा एससी/एसटी एक्ट की धाराएं लगाई गई हैं, जबकि रविकांत शर्मा की तहरीर पर भी मारपीट और धमकी से संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

अब पुलिस मेडिकल रिपोर्ट, कथित वीडियो फुटेज, उपस्थिति रजिस्टर, गवाहों के बयान और अन्य उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर पूरे मामले की जांच कर रही है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आरोप किस सीमा तक सही पाए जाते हैं और आगे किसके विरुद्ध आरोपपत्र दाखिल किया जाएगा।

Location :  Maharajganj

Published :  1 August 2026, 10:42 AM IST

Related News

Advertisement