सरकारी दफ्तरों में दलाली पड़ी भारी: खारघर RTO से पकड़ा गया रिश्वतखोर एजेंट विलास सनागर, जानें पूरा मामला

नवी मुंबई के पनवेल में ACB ने खारघर RTO दफ्तर के बाहर 4,500 रुपये की रिश्वत लेते 62 वर्षीय एजेंट विलास सनागर को गिरफ्तार किया। ऑटो-रिक्शा परमिट ट्रांसफर कराने के नाम पर मांगी गई थी घूस। जानिए पूरी खबर

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 2 September 2026, 11:04 AM IST
google-preferred

Mumbai: महाराष्ट्र के नवी मुंबई स्थित पनवेल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी-करप्शन ब्यूरो (ACB) ने एक बड़ी कार्रवाई की है। पनवेल के खारघर आरटीओ (RTO) कार्यालय के बाहर जाल बिछाकर एसीबी की टीम ने 62 साल के एक निजी आरटीओ एजेंट को रिश्वत लेते रंगे हाथों धर दबोचा।

आरोपी की पहचान विलास सनागर के रूप में हुई है, जो ऑटो-रिक्शा परमिट ट्रांसफर कराने के एवज में सरकारी फीस से अतिरिक्त रुपयों की मांग कर रहा था।

सरकारी फीस के नाम पर वसूली और अफसरों का झूठा हवाला

मामले का खुलासा तब हुआ जब एक ड्राइविंग स्कूल के मालिक ने 11 अगस्त को ACB की नवी मुंबई यूनिट में शिकायत दर्ज कराई। शिकायतकर्ता के अनुसार, जब उसने ऑटो-रिक्शा परमिट ट्रांसफर करने की प्रक्रिया शुरू की, तो आरोपी एजेंट विलास सनागर ने उससे कहा कि आधिकारिक सरकारी फीस 25,700 रुपये है।

इसके अलावा, उसने 4,500 रुपये की अतिरिक्त रकम मांगी और दावा किया कि यह पैसा आरटीओ के संबंधित सरकारी अधिकारियों और उसके बीच रिश्वत के तौर पर बांटा जाएगा।

खारघर RTO के बाहर ट्रैप लगाकर आरोपी दबोचा गया

डिप्टी सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस धर्मराज सोनके के मार्गदर्शन में ACB की टीम ने शिकायत का गोपनीय सत्यापन किया। मामला सही पाए जाने पर अधिकारियों ने तुरंत खारघर आरटीओ दफ्तर के बाहर योजनाबद्ध तरीके से जाल बिछाया। जैसे ही आरोपी एजेंट ने शिकायतकर्ता से 4,500 रुपये की रिश्वत की रकम अपने हाथ में ली, पहले से घात लगाकर बैठी एसीबी टीम ने उसे मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया।

अब सरकारी दफ्तरों में मराठी-अंग्रेजी का दबदबा: महाराष्ट्र कर्मचारियों को हिंदी परीक्षा से मिली छूट, जानें कब से लागू नियम

दलाली और भ्रष्टाचार पर नकेल कसने की तैयारी

एसीबी अधिकारियों का कहना है कि आरटीओ कार्यालयों के आसपास सक्रिय ऐसे दलालों और उनके पीछे छिपे भ्रष्ट अधिकारियों पर शिकंजा कसना जारी रहेगा। आरोपी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है, साथ ही यह भी जांच की जा रही है कि इस दलाली के खेल में आरटीओ का कौन-कौन सा कर्मचारी शामिल था।

Location :  Mumbai

Published :  2 September 2026, 11:03 AM IST

Related News

Advertisement