हिंदी
पुलिस हिरासत में आरोपी (Img- Dynamite News)
Maharajganj: उत्तर प्रदेश के महराजगंज जिले में कानून का शिकंजा कसता नजर आ रहा है। अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत बृजमनगंज थाना पुलिस को एक बड़ी सफलता हाथ लगी है।
नाबालिग लड़की से छेड़खानी और दुष्कर्म (रेप) के गंभीर मामले में काफी समय से फरार चल रहे मुख्य आरोपी को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
बृजमनगंज पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि फरार आरोपी इलाके में ही मौजूद है। इसके बाद उपनिरीक्षक गजेंद्र प्रताप सिंह, कांस्टेबल बृजेश कुमार और कांस्टेबल राहुल तिवारी की सतर्क पुलिस टीम ने बिना समय गंवाए नगर पंचायत के हनुमान मंदिर तिराहे पर घेराबंदी की और आरोपी पवन को दबोच लिया। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने विधिक कागजी कार्रवाई पूरी की और आरोपी को अदालत के समक्ष पेश किया, जहां से उसे सीधे जेल भेज दिया गया।
कौशाम्बी हादसे के बाद महराजगंज में प्रशासन अलर्ट, पटाखा गोदामों पर ताबड़तोड़ छापेमारी
थानाध्यक्ष बृजमनगंज मदन मोहन मिश्रा ने मामले की जानकारी देते हुए बताया कि पीड़ित किशोरी के पिता ने थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई थी। तहरीर में आरोप लगाया गया था कि गांव के ही रहने वाले आरोपी पवन ने उनकी नाबालिग बेटी के साथ छेड़खानी और दुष्कर्म जैसी घिनौनी वारदात को अंजाम दिया। पिता की शिकायत मिलते ही पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता (BNS) की सख्त धाराओं और पॉक्सो (POCSO) एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की।
घटना के बाद पीड़िता के न्यायालय में दर्ज बयानों के आधार पर मुकदमे में और भी सख्त धाराएं जोड़ी गईं। पुलिस का कहना है कि आरोपी को गिरफ्तार कर जेल भेजने के साथ ही अब मामले में मजबूत पैरवी की जा रही है, ताकि आरोपी पवन को अदालत से कड़ी से कड़ी सजा दिलाई जा सके और पीड़ित परिवार को जल्द से जल्द न्याय मिले।
Location : Maharajganj
Published : 2 September 2026, 9:03 AM IST