हिंदी
जांच में जुटी पुलिस
Azamgarh: आजमगढ़ जिले के मुबारकपुर थाना क्षेत्र का रानीपुर गांव बुधवार देर रात अचानक गोलियों की आवाज से दहल उठा। गांव के लोगों ने पहले तो पटाखों जैसी आवाज समझी, लेकिन कुछ ही सेकंड में चीख-पुकार और अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सड़क पर खड़ी एक चार पहिया गाड़ी गोलियों से छलनी हो चुकी थी और उसमें सवार दो युवक खून से लथपथ पड़े थे। बदमाश वारदात को अंजाम देकर अंधेरे का फायदा उठाते हुए मौके से फरार हो गए। इस सनसनीखेज घटना के बाद पूरे इलाके में दहशत फैल गई और लोग घरों से बाहर निकल आए।
फायरिंग की आवाज सुनकर ग्रामीण घटनास्थल की तरफ दौड़े। वहां का मंजर देखकर लोगों के होश उड़ गए। दोनों युवक गंभीर हालत में पड़े थे और वाहन के शीशे टूट चुके थे। घटना की सूचना तुरंत पुलिस को दी गई। कुछ ही देर में मुबारकपुर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को तत्काल अस्पताल भिजवाया गया। अस्पताल पहुंचने के बाद डॉक्टरों ने एक युवक को मृत घोषित कर दिया। दूसरे युवक का इलाज जारी है और उसकी हालत बेहद गंभीर बताई जा रही है। मृतक की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
कोडिन युक्त कफ सिरप की खरीद-बिक्री में बड़ी कार्रवाई, आजमगढ़ में नए खुलासे; पढ़ें पूरी खबर
घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार खुद भारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। उन्होंने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और पुलिस अधिकारियों को जरूरी दिशा-निर्देश दिए। पुलिस ने मौके से कई अहम साक्ष्य जुटाए हैं। घटनास्थल के आसपास पड़े कारतूस और अन्य सुरागों को कब्जे में लिया गया है। इसके बाद एसपी अस्पताल पहुंचे और घायल युवक से घटना के संबंध में जानकारी लेने की कोशिश की।
घटना के खुलासे के लिए पुलिस अब तकनीकी जांच पर भी जोर दे रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है ताकि हमलावरों की पहचान की जा सके। पुलिस को उम्मीद है कि कैमरों में बदमाशों की गतिविधियां कैद हुई होंगी। इसके अलावा सर्विलांस टीम और एसओजी को भी जांच में लगाया गया है। पुलिस अधीक्षक डॉ. अनिल कुमार ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
Location : Azamgarh
Published : 21 May 2026, 1:31 PM IST