हिंदी
प्रतापगढ़ में आवारा कुत्ते का आतंक (प्रतीकात्मक फोटो)
Pratapgarh: रानीगंज तहसील क्षेत्र के जामताली बाजार में कई दिनों से एक पागल कुत्ते का खौफ छाया हुआ है। इस पागल कुत्ते ने अब तक आधा दर्जन महिला-पुरुषों और आधा दर्जन मवेशियों पर हमला कर उन्हें गंभीर रूप से घायल कर दिया है। कुत्ते के इस आतंक से पूरे इलाके के ग्रामीणों में दहशत का माहौल है और लोग घरों से निकलने में कतरा रहे हैं।
शुक्रवार को पागल कुत्ते ने जामताली बाजार में जमकर उत्पात मचाया। उसने राह चलते और घरों के बाहर मौजूद पायल गुप्ता (16), शकुंतला देवी (60), सलमान खान (18), द्रौपदी यादव (55), मिष्टी (13) और आशीष दुबे की मां (50) पर अचानक हमला बोल दिया।
कुत्ते के काटने से सभी लोग गंभीर रूप से लहूलुहान हो गए। चीख-पुकार सुनकर दौड़े ग्रामीणों ने किसी तरह कुत्ते को खदेड़कर पीड़ितों की जान बचाई। सभी घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) रानीगंज में भर्ती कराया गया है, जहाँ उनका इलाज जारी है।
पागल कुत्ते का आतंक सिर्फ इंसानों तक ही सीमित नहीं है। उसने पुरानी जामताली निवासी डॉ. संजय सिंह की भैंस, श्रीराम की भैंस के पड़वा (बछड़े), रमेश की भैंस, सुरेश की गाय और अशोक की बकरी को भी काटकर बुरी तरह घायल कर दिया है। पशुओं पर हुए इस हमले के बाद पशुपालक भी बेहद डरे हुए हैं।
स्थानीय ग्रामीणों का कहना है कि कुत्ते के खौफ के कारण लोगों ने रात में घरों के बाहर या आंगन में सोना बंद कर दिया है। सबसे ज्यादा चिंता छोटे बच्चों को लेकर है। अभिभावक अपने बच्चों को अकेले विद्यालय भेजने से कतरा रहे हैं। क्षेत्रीय नागरिकों ने जिला प्रशासन और उच्चाधिकारियों से गुहार लगाई है कि वन विभाग या नगर निकाय की टीम को भेजकर शीघ्र इस पागल कुत्ते को पकड़वाया जाए, ताकि ग्रामीणों को इस भय से मुक्ति मिल सके।
Location : Pratapgarh
Published : 18 September 2026, 11:41 PM IST