हिंदी
मास्टरमाइंड हिरासत में
Noida: गौतमबुद्धनगर में बीते दिनों हुए श्रमिकों के हिंसक प्रदर्शन के बाद अब हालात सामान्य होते नजर आ रहे हैं, लेकिन इसके पीछे की साजिश को लेकर जांच तेज हो गई है। जहां एक तरफ पुलिस ने कथित तौर पर ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ संगठन की भूमिका की जांच शुरू की है, वहीं प्रशासन ने भी सख्त रुख अपनाते हुए स्पष्ट कर दिया है कि अब किसी भी तरह का उपद्रव बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
नोएडा में हुए हिंसक प्रदर्शन के पीछे ‘मजदूर बिगुल दस्ता’ नामक संगठन का नाम सामने आया है। इस मामले में संगठन के मुख्य आरोपी रूपेश राय को पुलिस ने हिरासत में लिया है। पुलिस ने संगठन से जुड़े कई अन्य लोगों को भी पकड़ा है। जांच में अब तक 17 व्हाट्सएप ग्रुप की पहचान की गई है, जिनके जरिए कथित तौर पर श्रमिकों को भड़काने और आंदोलन को उग्र बनाने की कोशिश की गई।
नोएडा में बेकाबू हुआ श्रमिक प्रदर्शन, आगजनी और पथराव से दहला शहर; पढ़ें अब तक का पूरा अपडेट
रूपेश राय ‘बिगुल दस्ता’ नाम से एक संगठन चलाता है। बताया जा रहा है कि वह लगातार श्रमिकों के मुद्दों को उठाने और उन्हें एकजुट करने का प्रयास करता रहा है। हालांकि, प्रदर्शन के दौरान वह कथित तौर पर श्रमिकों से आंदोलन जारी रखने की अपील करता नजर आया। दूसरी ओर, उसका कहना है कि वह केवल श्रमिकों की आवाज बुलंद कर रहा था और पुलिस ने उसे पहले ही रोक लिया था।
तनावपूर्ण हालात के बाद अब ग्रेटर नोएडा और नोएडा के औद्योगिक क्षेत्रों में कामकाज धीरे-धीरे सामान्य हो गया है। सेक्टर-84 समेत कई औद्योगिक इकाइयों में श्रमिक वापस काम पर लौट आए हैं। बताया जा रहा है कि सरकार द्वारा वेतन बढ़ाने के आदेश का असर भी अब जमीन पर दिखने लगा है।
प्रशासन की ओर से सभी औद्योगिक क्षेत्रों में वेतन वृद्धि से संबंधित सूचनाएं चस्पा कर दी गई हैं। श्रमिकों से अपील की गई है कि वे इन सूचनाओं को देखें और अपने वेतन में हुए बदलाव की जानकारी लें। यह कदम श्रमिकों के बीच भ्रम दूर करने और पारदर्शिता बढ़ाने के उद्देश्य से उठाया गया है।
जिलाधिकारी मेधा रूपम ने आउटसोर्सिंग एजेंसियों के साथ बैठक में साफ निर्देश दिए हैं कि यदि किसी भी एजेंसी या उसके कर्मचारियों की ओर से उपद्रवी गतिविधियां होती हैं, तो उसकी जिम्मेदारी एजेंसी की मानी जाएगी। ऐसी स्थिति में संबंधित एजेंसी को ब्लैकलिस्ट किया जाएगा और उसका लाइसेंस भी रद्द किया जा सकता है। सभी कॉन्ट्रैक्टर्स को शासन की गाइडलाइंस का सख्ती से पालन करने को कहा गया है।
Noida Salary Protest: नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर उग्र प्रदर्शन, सेक्टर-60 के पास सड़क जाम
हालिया हिंसा के दौरान नोएडा और ग्रेटर नोएडा की कई इमारतों पर पथराव हुआ, जिससे भारी नुकसान हुआ। इसी को देखते हुए पुलिस और पीएसी लगातार सतर्क हैं। संवेदनशील इलाकों में पैदल मार्च किया जा रहा है और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी रखी गई है, ताकि दोबारा कोई उपद्रव न हो।
Location : Noida
Published : 15 April 2026, 5:47 PM IST
Topics : Gautam Buddh Nagar News Labour Violence India Noida protest WhatsApp Groups Investigation Workers Protest