हिंदी
बिजली नहीं होने की वजह से लोगों में आक्रोश (Image: Social Media)
Noida News: नोएडा डूब क्षेत्र में बिजली और पानी की मांग को लेकर चल रहे आंदोलन ने अब बड़ा रूप ले लिया है। 22 दिनों से धरने पर बैठे किसान और महिलाएं अपनी मांगों को लेकर डटे हुए हैं। इस बीच बिना अनुमति प्रदर्शन करने के आरोप में पुलिस ने 250 से ज्यादा लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर दी है। लेकिन कार्रवाई के बाद भी प्रदर्शनकारियों के हौसले कम नहीं हुए हैं। किसान नेता सुखवीर खलीफा ने साफ कर दिया है कि अगर जल्द मांगें पूरी नहीं हुईं तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा और जेल भरो आंदोलन शुरू किया जा सकता है।
धरने में शामिल पूजा ने बताया कि उन्होंने अपनी वर्षों की मेहनत और जमा पूंजी लगाकर यहां अपना घर बनाया है। उनके परिवार में चार बेटियां हैं, जिनमें बड़ी बेटी बीए की पढ़ाई कर रही है और छोटी बेटी इंटर में है। पूजा का कहना है कि बिजली नहीं होने की वजह से बच्चों की पढ़ाई पर सीधा असर पड़ रहा है। घर में सोलर पैनल लगा हुआ है, लेकिन खराब मौसम में उससे भी पर्याप्त बिजली नहीं मिल पाती। उन्होंने बताया कि उनकी बेटियां फोन कर पढ़ाई में आ रही परेशानियों के बारे में बताती हैं। पूजा के मुताबिक, प्रदर्शनकारी किसी लग्जरी सुविधा की मांग नहीं कर रहे हैं, बल्कि बिजली और पानी जैसी बुनियादी जरूरतों के लिए आवाज उठा रहे हैं।
धरने में शामिल नीना मिश्रा ने कहा कि जब तक बिजली की समस्या का समाधान नहीं होगा, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि वह करीब सात साल से इस क्षेत्र में रह रही हैं और धरने के दौरान मच्छरों, मौसम और अन्य परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। इसके बावजूद महिलाएं अपने अधिकारों की लड़ाई में पीछे हटने को तैयार नहीं हैं।
भारतीय किसान परिषद के नेता सुखवीर खलीफा ने कहा कि डूब क्षेत्र में बड़ी संख्या में लोग बिजली और पानी की समस्या से परेशान हैं। उन्होंने दावा किया कि इसका असर हजारों परिवारों और छात्रों की पढ़ाई पर पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं भी इस आंदोलन में लगातार साथ दे रही हैं। सुखवीर खलीफा ने कहा कि एफआईआर दर्ज होने से आंदोलन खत्म नहीं होगा। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर प्रशासन ने जल्द समाधान नहीं निकाला तो जेल भरो आंदोलन किया जाएगा। उनका कहना है कि मुख्यमंत्री स्तर से निर्देश जारी होने के बाद भी स्थानीय स्तर पर स्पष्ट कार्रवाई की जरूरत है, ताकि लोगों को बिजली कनेक्शन मिल सके।
प्रदर्शनकारियों ने बिजली कनेक्शन प्रक्रिया पर भी सवाल उठाए हैं। सुखवीर खलीफा का आरोप है कि डूब क्षेत्र के पते से ऑनलाइन बिजली कनेक्शन के लिए आवेदन करने पर उसे यह कहकर निरस्त कर दिया जाता है कि क्षेत्र डूब क्षेत्र में आता है। उन्होंने दावा किया कि अस्थायी बिजली व्यवस्था के नाम पर लोगों से ज्यादा पैसे लिए जा रहे हैं। उन्होंने यह भी कहा कि अवैध बिजली व्यवस्था के कारण हादसों का खतरा बना रहता है। प्रदर्शनकारियों की मांग है कि उनके घरों में वैध तरीके से बिजली मीटर लगाए जाएं और साफ पानी की व्यवस्था की जाए। धरने में शामिल एक अन्य महिला ने बताया कि उन्होंने भी अपनी पूरी जमा पूंजी लगाकर घर बनाया है। छोटे बच्चों और परिवार को छोड़कर धरने पर बैठना आसान नहीं है, लेकिन बिजली संकट ने उन्हें आंदोलन करने के लिए मजबूर किया है। फिलहाल नोएडा डूब क्षेत्र के लोग अपनी मांगों को लेकर धरने पर कायम हैं और समाधान मिलने तक आंदोलन जारी रखने की बात कह रहे हैं।
Noida Flood Zone, Electricity Crisis, Water Crisis, Farmers Protest, Sukhbir Khalifa, Noida News, Uttar Pradesh News, Power Connection Issue, Farmers Movement
Location : Noida
Published : 29 September 2026, 8:05 PM IST