नोएडा में बेकाबू हुआ श्रमिक प्रदर्शन, आगजनी और पथराव से दहला शहर; पढ़ें अब तक का पूरा अपडेट

नोएडा में वेतन बढ़ोतरी की मांग को लेकर श्रमिकों का प्रदर्शन हिंसक हो गया। कई जगह आगजनी, पथराव और तोड़फोड़ हुई। पुलिस ने हालात काबू करने के लिए बल प्रयोग किया। कई सेक्टरों में अब भी तनावपूर्ण स्थिति बनी हुई है।

Post Published By: Tanya Chand
Updated : 13 April 2026, 12:13 PM IST
google-preferred

Noida: सेक्टर-84 स्थित मदरसन कंपनी से शुरू हुआ श्रमिकों का प्रदर्शन अब पूरे जिले में फैल चुका है। देखते ही देखते यह विरोध उग्र हो गया और कई इलाकों में हिंसा, आगजनी और पथराव की घटनाएं सामने आईं। स्थिति इतनी बिगड़ गई कि पुलिस को हालात काबू में करने के लिए आंसू गैस के गोले छोड़ने पड़े। फिलहाल पूरे इलाके में तनाव का माहौल बना हुआ है और भारी पुलिस बल तैनात किया गया है।

कई इलाकों में आगजनी और तोड़फोड़

प्रदर्शन के दौरान गुस्साए श्रमिकों ने कई जगह वाहनों में आग लगा दी। सेक्टर-84 और सेक्टर-1 में हालात सबसे ज्यादा खराब रहे, जहां पुलिस की गाड़ियों को पलटकर आग के हवाले कर दिया गया। हजारों की संख्या में श्रमिक सड़कों पर उतर आए और जमकर हंगामा किया। सेक्टर-62 और फेज-2 में भी प्रदर्शन तेज हो गया, जहां पथराव और तोड़फोड़ की घटनाएं हुईं।

भीड़ में शामिल हुए नए चेहरे

प्रशासन के अनुसार प्रदर्शन के दौरान कुछ नए चेहरे भीड़ में शामिल हो गए, जिन्होंने माहौल को और भड़काया। बताया जा रहा है कि युवा लड़कों का एक समूह अचानक प्रदर्शन में घुसा और गाड़ियों में आगजनी शुरू कर दी। इससे स्थिति और ज्यादा बेकाबू हो गई और पुलिस के लिए नियंत्रण मुश्किल हो गया।

पुलिस की कार्रवाई और सुरक्षा इंतजाम

हालात बिगड़ते देख पुलिस ने सख्ती दिखाते हुए आंसू गैस के गोले छोड़े और भीड़ को तितर-बितर करने की कोशिश की। पूरे औद्योगिक क्षेत्र में अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। प्रशासन का कहना है कि स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और किसी भी तरह की अफवाह से बचने की अपील की गई है।

Noida Salary Protest: नोएडा में वेतन बढ़ोतरी को लेकर उग्र प्रदर्शन, सेक्टर-60 के पास सड़क जाम

ट्रैफिक पर असर, नोएडा एंट्री बंद

प्रदर्शन का असर ट्रैफिक पर भी पड़ा है। अक्षरधाम की ओर से नोएडा में प्रवेश बंद कर दिया गया, जिससे भारी जाम की स्थिति बन गई। कई प्रमुख सड़कों पर आवाजाही प्रभावित रही और लोगों को लंबा इंतजार करना पड़ा।

इलाके में पत्थरबाजी (Img- Internet)

वेतन बढ़ोतरी को लेकर था विवाद

दरअसल, मजदूर तीन दिनों से वेतन बढ़ाने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे थे। प्रशासन और श्रमिकों के बीच लगातार बातचीत चल रही थी, लेकिन सहमति नहीं बन पाई। इसके बाद अचानक प्रदर्शन उग्र हो गया और हिंसक रूप ले लिया।

सरकार और प्रशासन अलर्ट पर

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि श्रमिकों को सम्मानजनक वेतन और सुरक्षित कार्य वातावरण सुनिश्चित किया जाए। साथ ही औद्योगिक इकाइयों को श्रम कानूनों का सख्ती से पालन करने को कहा गया है। जिलाधिकारी ने भी आश्वासन दिया है कि ओवरटाइम का भुगतान दुगनी दर से होगा और श्रमिकों को साप्ताहिक अवकाश दिया जाएगा।

Noida Video Story: दादरी-दिल्ली को जोड़ने वाली सड़क ब्लॉक, ग्राउंड रिपोर्टिंग में देखें- क्या है नोएडा के 8 हजार मजदूरों की मांग

स्थिति अभी भी तनावपूर्ण

फिलहाल नोएडा के कई इलाकों में स्थिति संवेदनशील बनी हुई है। पुलिस और प्रशासन लगातार हालात को सामान्य करने में जुटे हैं। अधिकारियों का कहना है कि जल्द ही स्थिति पूरी तरह नियंत्रण में आ जाएगी।

Location :  Noida

Published :  13 April 2026, 12:13 PM IST

Advertisement