Kanpur News: चमनगंज इलाके में जूते कारखाने में भीषण आग, पिता, मां और 3 बेटियां जिंदा जलीं, पढ़ें पूरी खबर

कानपुर में 4 मंजिला बिल्डिंग में भीषण आग लग गई। हादसे में एक ही परिवार के 5 लोग जिंदा जल गए। पढ़ें डाइनामाइट न्यूज़ की पूरी रिपोर्ट

Post Published By: Asmita Patel
Updated : 5 May 2025, 10:53 AM IST
google-preferred

कानपुर: कानपुर के चमनगंज थाना क्षेत्र के घनी आबादी वाले प्रेमनगर इलाके में रविवार रात एक छह मंजिला इमारत के भूतल में स्थित जूते बनाने वाले कारखाने में भीषण आग लग गई। रात करीब 9:30 बजे लगी।

डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के अनुसार, आग ने देखते ही देखते विकराल रूप धारण कर लिया और ऊंची-ऊंची लपटें उठने लगीं, जिससे इलाके में अफरातफरी मच गई। दमकल की 35 गाड़ियां देर रात तक आग बुझाने के प्रयास में जुटी रहीं और सुबह तक आग पर काबू पाया जा सका। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की मौत हो गई।

जानें पूरी घटना

प्रेमनगर में दानिश की छह मंजिला इमारत है, जिसमें दानिश और उनके भाई कासिफ का परिवार रहता है। इमारत के भूतल पर दानिश का मिलिट्री के जूते बनाने का कारखाना है और इसके ऊपर गोदाम है। इमारत के अन्य तलों में भी जूते रखे हुए थे। रविवार को कारखाना बंद था। रात करीब 9:30 बजे कारखाने में आग लग गई। आग तेजी से फैली और इमारत में रह रहे दानिश और उनके परिवार के लोग आग की चपेट में आ गए।

35 गाड़ियों का मदद से बुझाई आग

सूचना मिलते ही मुख्य अग्निशमन अधिकारी दीपक शर्मा दमकल की तकरीबन 35 गाड़ियों के साथ मौके पर पहुंचे। दो सौ मीटर के दायरे को सील कर देर रात तक आग बुझाने और बचाव अभियान शुरू किया गया। आग की भयावहता को देखते हुए आसपास की इमारतों को एहतियातन खाली करा लिया गया। एडीएम राजेश सिंह और एक दर्जन से ज्यादा थानों का पुलिस बल भी मौके पर पहुंच गया। एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया था। आग लगने से इमारत में दरारें भी पड़ गई थीं, जिससे बचाव कार्य और भी चुनौतीपूर्ण हो गया था।

दमघोंटू धुआं से परेशान हुए लोग

इमारत में आग लगने से उठे धुएं से लोगों को सांस लेना मुश्किल हो गया था। आग की चपेट में आए चमड़े के जूते और उन्हें चिपकाने में इस्तेमाल होने वाले केमिकल के जलने से उठने वाला धुआं बेहद दमघोंटू था। आसपास की इमारत के लोगों के घरों में चल रहे पंखों और कूलर ने बाहर के धुएं को खींच कर घर में भर दिया, जिससे लोगों को भारी परेशानी हुई। विशेष रूप से दमे के शिकार या श्वांस रोग से पीड़ित बुजुर्गों को सबसे ज्यादा तकलीफ हुई। कई लोगों को धुएं के कारण उल्टियां भी हुईं। लोगों ने खुद को बचाने के लिए गीला कपड़ा मुंह पर लपेटा।

दीवारें तोड़कर आग पर पाया काबू

छह मंजिला इमारत में लगी आग को काबू करने के लिए दमकल कर्मियों ने दोनों तरफ की दीवारों को हथौड़ों से तोड़ा। इससे धुआं कम हुआ और दमकल कर्मी पानी की तेज बौछार के साथ कमरों में दाखिल हो सके। हालांकि, धुएं के कारण उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ा। पूरे इलाके की बिजली काट दी गई थी। सुबह तक आग बुझाने का काम पूरा हो पाया।

पांच लोगों की मौत

रात करीब तीन बजे दमकल कर्मियों ने इमारत में फंसे जूता कारोबारी दानिश, उनकी पत्नी नाजनीन और तीन बेटियों के जले हुए शव निकाले। इस दर्दनाक हादसे में एक ही परिवार के पांच लोगों की जान चली गई।

आग लगने का कारण

डीसीपी सेंट्रल दिनेश त्रिपाठी ने बताया कि आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। काफी प्रयास के बाद भी फंसे हुए लोगों को बचाया नहीं जा सका। पुलिस और प्रशासन मामले की जांच कर रहा है और आग लगने के सही कारणों का पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।

Location :  Kanpur

Published :  5 May 2025, 10:53 AM IST

Advertisement