हिंदी
राधा हत्याकांड का आरोपी मुठभेड़ में गिरफ्तार (img: Dynamite news)
Lucknow: उत्तरप्रदेश की राजधानी लखनऊ के कृष्णानगर क्षेत्र में राधा की हत्या के मामले में फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी को पुलिस ने देर रात मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल आरोपी को इलाज के लिए लोकबंधु अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
पुलिस के मुताबिक गिरफ्तार आरोपी की पहचान भोला राजपूत (22) के रूप में हुई है। वह उन्नाव के सोहरामऊ थाना क्षेत्र के नदौहा गांव का रहने वाला है।
पुलिस के अनुसार, 15 सितंबर की रात नारायणपुरी निवासी राधा की ईंट-पत्थरों से सिर पर वार कर हत्या कर दी गई थी। मृतका की मां रेखा सिंह की तहरीर पर कृष्णानगर थाने में हत्या का मुकदमा दर्ज किया गया था।
मामले के खुलासे और आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने तीन टीमें गठित की थीं। टीमों ने घटनास्थल और आसपास के इलाकों में लगे करीब 150 से 170 CCTV कैमरों की फुटेज खंगाली। इलेक्ट्रॉनिक साक्ष्यों के विश्लेषण और अन्य सुरागों के आधार पर पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी थी।
पुलिस के मुताबिक, 28/29 सितंबर की रात मुखबिर से सूचना मिली कि आरोपी स्कूटी से डूडा कॉलोनी, आशाराम बापू मार्ग की ओर आने वाला है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने वहां चेकिंग शुरू की। इसी दौरान पुलिस ने स्कूटी सवार संदिग्ध को रोकने का प्रयास किया। पुलिस के अनुसार, आरोपी भागने लगा और कुछ दूरी पर असंतुलित होकर गिर गया। इसके बाद उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी।
ये भी पढ़ें: “मैं डरूंगी नहीं, सवाल करूंगी”, पूर्व IAS दिव्या मित्तल ने राजनीति में रखा कदम, बोलीं- किसी दल के साथ नहीं
पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया और उपचार के लिए लोकबंधु अस्पताल भेजा। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का तमंचा, एक खोखा, एक जिंदा कारतूस और हत्या में इस्तेमाल की गई स्कूटी बरामद करने का दावा किया है। मामले में पुलिस आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
Location : Lukcnow
Published : 29 September 2026, 12:05 PM IST
Topics : crime news Lucknow Lucknow Police UP News