Gorakhpur Accident: डंपर की चपेट में आया ट्यूशन से लौट रहा कक्षा 9 का छात्र, आक्रोशित लोगों ने लगाई आग

गोरखपुर के नाहरपुर में ट्यूशन से घर लौट रहे कक्षा 9 के छात्र की डंपर की चपेट में आने से मौत हो गई। ग्रामीणों के मुताबिक, टक्कर के बाद छात्र कुछ दूरी तक घिसटता चला गया।

Post Published By: Nidhi Kushwaha
Updated : 17 September 2026, 10:10 AM IST
google-preferred

Gorakhpur: गुलरिहा थाना क्षेत्र के नाहरपुर में गुरुवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने पूरे इलाके को हिलाकर रख दिया। ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहे कक्षा 9 के छात्र की डंपर की चपेट में आने से मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद घटनास्थल पर जुटे ग्रामीणों में आक्रोश फैल गया। देखते ही देखते लोगों ने हादसे के लिए जिम्मेदार बताए जा रहे डंपर को आग के हवाले कर दिया।

मृतक छात्र की पहचान आदित्य प्रजापति के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। वहीं घटना के बाद मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण जमा हो गए।

डंपर की टक्कर के बाद छात्र को घसीटने का आरोप

स्थानीय लोगों के मुताबिक, आदित्य ट्यूशन पढ़कर घर लौट रहा था। इसी दौरान गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर वह डंपर की चपेट में आ गया। ग्रामीणों का आरोप है कि टक्कर के बाद छात्र कुछ दूरी तक डंपर के साथ घिसटता चला गया। गंभीर चोटों के कारण उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद आसपास मौजूद लोगों ने छात्र को बचाने की कोशिश की, लेकिन उसकी जान नहीं बच सकी। घटना की जानकारी मिलते ही परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

ये भी पढ़ें- Balrampur: महिला की शिकायत पर देरी पड़ गई भारी, गैंसड़ी थाने के उपनिरीक्षक निलंबित

गुस्से में ग्रामीणों ने डंपर में लगाई आग

छात्र की मौत से नाराज ग्रामीणों का गुस्सा फूट पड़ा। लोगों ने डंपर को रोक लिया और कुछ ही देर में उसमें आग लगा दी। देखते ही देखते वाहन धू-धू कर जलने लगा। इससे घटनास्थल पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, आक्रोशित स्थानीय लोगों ने पुलिस का विरोध भी किया। स्थिति को देखते हुए मौके पर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया।

फोरलेन पर यातायात प्रभावित

डंपर में आग लगने और बड़ी संख्या में लोगों के जमा होने के कारण गोरखपुर-महराजगंज फोरलेन पर यातायात पूरी तरह प्रभावित हो गया। वाहनों की आवाजाही में परेशानी हुई और मौके पर काफी देर तक तनाव की स्थिति बनी रही।

ये भी पढ़ें- बरामदे में सो रहे बीएससी छात्र की धारदार हथियार से हत्या, सुबह खून से लथपथ शव देखकर मचा कोहराम

पुलिस ने घटनास्थल की स्थिति संभालने के साथ हादसे की जांच शुरू कर दी है। हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और डंपर चालक की भूमिका क्या रही, इसकी पड़ताल की जा रही है। फिलहाल छात्र की मौत से परिवार और गांव में मातम है।

Location :  Gorakhpur

Published :  17 September 2026, 10:10 AM IST

Advertisement