जिससे दिवाली में घर को रोशनी से सजाया, उसी झालर को उतारते समय उजड़ा परिवार! पति-पत्नी की मौत, बेटी अस्पताल में भर्ती

महराजगंज के कैमा गांव में दिवाली की सजावटी झालर उतारते समय 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार की चपेट में आने से पति-पत्नी की दर्दनाक मौत हो गई। उन्हें बचाने पहुंची 18 वर्षीय बेटी गोल्डी भी गंभीर रूप से झुलस गई। जानिए कैसे एक हादसे ने पूरे परिवार की खुशियां छीन लीं।

Maharajganj: महराजगंज में दिवाली की खुशियां एक परिवार के लिए मातम में बदल गईं। जिस घर में कुछ दिन पहले रोशनी और खुशियों का माहौल था, वहां मंगलवार सुबह चीख-पुकार मच गई। घर की छत पर दिवाली की सजावटी झालर उतार रहे एक शख्स की जिंदगी 11 हजार वोल्ट के हाईटेंशन तार ने छीन ली। पति को बचाने पहुंची पत्नी भी करंट की चपेट में आ गईं। माता-पिता को तड़पता देख बेटी उन्हें बचाने दौड़ी, लेकिन वह भी गंभीर रूप से झुलस गई।

झालर उतारते समय हुआ हादसा

महराजगंज जिले के कोठीभार थाना क्षेत्र के कैमा गांव में मंगलवार सुबह हुए इस हादसे ने हर किसी को झकझोर कर रख दिया। जानकारी के मुताबिक, गांव के रहने वाले राधेश्याम (40) पुत्र केदारे मंगलवार सुबह करीब 8:30 बजे अपने घर की छत पर पहुंचे थे। वह दिवाली के मौके पर घर में लगाई गई सजावटी झालर उतार रहे थे। इसी दौरान छत के ऊपर से गुजर रहा 11 हजार वोल्ट का हाईटेंशन बिजली तार हादसे की वजह बन गया।

महराजगंज में तहसीलदारों की ट्रांसफर, सदर-निचलौल समेत तीन तहसीलदार बाहर, तीन नए अधिकारियों की जिले में एंट्री

पति को बचाने पहुंची पत्नी

राधेश्याम को बिजली के तार की चपेट में आया देखकर उनकी पत्नी पुष्पा देवी (35) उन्हें बचाने के लिए दौड़ीं। पति को इस हालत में देखकर वह खुद को रोक नहीं सकीं और उन्हें बचाने की कोशिश करने लगीं। लेकिन उन्हें इस बात का अंदाजा नहीं था कि जिस जगह उनके पति करंट की चपेट में आए हैं, वहां खतरा अभी भी बना हुआ है।

माता-पिता को बचाने पहुंची बेटी भी झुलसी

घर में माता-पिता के साथ हुए हादसे को देखकर उनकी 18 वर्षीय बेटी गोल्डी भी उन्हें बचाने के लिए पहुंच गई। लेकिन बदकिस्मती से वह भी बिजली की चपेट में आकर गंभीर रूप से घायल हो गई। कुछ ही पलों में परिवार की खुशियां मातम में बदल गईं। हादसे के बाद घर में चीख-पुकार मच गई।

विधानसभा चुनाव से पहले महराजगंज में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, चार BDO का तबादला; जानें किस अधिकारी को कहां मिली नई तैनाती

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस

घटना की सूचना मंगलवार सुबह करीब 8:45 बजे ग्रामीणों के माध्यम से कोठीभार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस टीम मौके पर पहुंच गई और पूरे मामले की जानकारी ली। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और हादसे से जुड़े तथ्यों को समझा। वहीं, पुलिस ने राधेश्याम और पुष्पा देवी के शवों को कब्जे में लेकर पंचायतनामा और पोस्टमार्टम की कार्रवाई शुरू कर दी है।

परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़

कैमा गांव में इस हादसे के बाद शोक की लहर दौड़ गई है। जिस परिवार में कुछ समय पहले दिवाली की तैयारियां और रोशनी का माहौल था, वहां अब मातम पसरा हुआ है। पति-पत्नी की एक साथ मौत ने परिवार को पूरी तरह तोड़ दिया है। वहीं, गंभीर रूप से घायल बेटी के इलाज को लेकर भी हर कोई परेशान है।

Location :  Maharajganj

Published :  17 November 2026, 11:28 AM IST

Related News

Advertisement