हिंदी
कोर्ट मैरिज का मामला (Img: pexels)
Barabanki: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में शुक्रवार को सिविल कोर्ट परिसर उस समय तनाव का केंद्र बन गया, जब एक युवक और युवती कोर्ट मैरिज कराने पहुंचे। पूछताछ के दौरान युवक की पहचान आलम के रूप में होने और युवती के हिंदू समुदाय से होने की जानकारी मिलने पर कुछ वकीलों ने विरोध जताया। देखते ही देखते मामला बढ़ गया और कोर्ट परिसर में हंगामे की स्थिति बन गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने दोनों को सुरक्षित बाहर निकालकर अपने संरक्षण में ले लिया।
दरअसल, युवक और युवती दोपहर करीब दो बजे कोर्ट मैरिज की प्रक्रिया पूरी करने के लिए सिविल कोर्ट पहुंचे थे। वहां मौजूद कुछ अधिवक्ताओं ने दोनों से पूछताछ की। बातचीत के दौरान युवक और युवती के अलग-अलग समुदाय से होने की जानकारी सामने आई, जिसके बाद विवाद शुरू हो गया। कुछ लोगों ने युवक के साथ मारपीट भी की, जिससे कोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और दोनों को भीड़ से सुरक्षित निकालकर कोतवाली भेज दिया। हालात को देखते हुए कचहरी परिसर और आसपास अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। अधिकारियों ने शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पूरे क्षेत्र में निगरानी बढ़ा दी।
Barabanki News: एक बाइक, एक ट्रैक्टर-ट्राली और फिर जो हुआ… पूरा परिवार उजड़ गया
युवती के भाई की शिकायत पर रामनगर कोतवाली में युवक आलम के खिलाफ धर्मांतरण के प्रयास से संबंधित मामला दर्ज किया गया है। पुलिस का कहना है कि शिकायत और उपलब्ध तथ्यों के आधार पर जांच की जा रही है। दोनों पक्षों से पूछताछ की जा रही है और मामले के सभी पहलुओं को ध्यान में रखकर कार्रवाई की जाएगी।
घटना के बाद यह सवाल भी उठने लगे हैं कि युवक और युवती बिना किसी पूर्व सूचना के कोर्ट मैरिज के लिए पहुंच गए और स्थानीय पुलिस तथा खुफिया तंत्र को इसकी जानकारी नहीं मिली। संवेदनशील मामलों में पहले से सतर्कता बरतने के निर्देश होने के बावजूद सूचना तंत्र की सक्रियता पर चर्चा शुरू हो गई है।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की निष्पक्ष जांच की जा रही है। यह भी देखा जा रहा है कि कहीं किसी प्रकार का दबाव, धोखाधड़ी या अवैध धर्मांतरण का प्रयास तो नहीं हुआ। जांच पूरी होने के बाद ही पूरे मामले की वास्तविक स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
बाराबंकी के पुलिस अधीक्षक ने बताया कि युवक को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। दर्ज शिकायत के आधार पर आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही क्षेत्र में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को सतर्क रहने के निर्देश दिए गए हैं।
Location : Barabanki
Published : 19 June 2026, 9:36 PM IST