हिंदी
महिला ने SP से शिकायत की (प्रतीकात्मक फोटो)
Ballia: उत्तरप्रदेश के बलिया जिले के भीमपुरा थाना क्षेत्र की एक महिला ने अपने पति और ससुराल पक्ष के तीन अन्य लोगों पर गंभीर उत्पीड़न, जबरन धर्म परिवर्तन, निकाह, मारपीट और उसकी इच्छा के विरुद्ध शारीरिक संबंध बनाने का आरोप लगाया है। महिला का दावा है कि उसे पहले प्रेमजाल में फंसाया गया और बाद में उसकी इच्छा के विरुद्ध उसका धर्म परिवर्तन कराकर निकाह कराया गया। पीड़िता ने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर मुकदमा दर्ज कराने, मेडिकल परीक्षण कराने और सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की है।
भीमपुरा थाना क्षेत्र के एक गांव की रहने वाली महिला ने अपनी शिकायत में आरोप लगाया कि उसके पति ने शुरुआत में खुद को हिंदू बताकर उससे संपर्क किया और प्रेमजाल में फंसाया। महिला के मुताबिक, मुंबई से उसे अपने घर लाने के बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध धर्म परिवर्तन कराया गया और फिर निकाह किया गया।
महिला का आरोप है कि निकाह के बाद से ही पति और ससुराल पक्ष के लोगों द्वारा उसका लगातार शारीरिक और मानसिक उत्पीड़न किया जाता रहा।
अचानक हिलने लगी धरती, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में महसूस हुए भूकंप के झटके
शिकायत के अनुसार, 16 अगस्त 2026 की रात महिला के पति, उसके दो बेटों और परिवार के अन्य सदस्यों ने उसे कथित तौर पर कमरे में बंद कर दिया। महिला ने आरोप लगाया कि इसके बाद उसकी इच्छा के विरुद्ध उसके साथ जबरन शारीरिक संबंध बनाए गए।
महिला का कहना है कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई। उसने अपने ससुर पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। शिकायत के मुताबिक, ससुर ने उस पर 'जिन्नात का साया' होने की बात कहते हुए धर्म शुद्धिकरण के नाम पर कथित तौर पर उसके साथ जबरदस्ती की।
पीड़िता ने अपनी शिकायत में बताया कि मारपीट के बाद उसकी आंखों की रोशनी प्रभावित हुई है। उसके सिर में कई जगह चोट और सूजन होने तथा रक्तस्राव जारी रहने का भी दावा किया गया है। महिला का आरोप है कि ससुराल पक्ष ने उसे समुचित उपचार भी उपलब्ध नहीं कराया।
महिला ने खुद को भयभीत बताते हुए आरोपियों से दोबारा मारपीट और जान का खतरा होने की आशंका जताई है।
महिला के मुताबिक, उसने पहले भीमपुरा थाने में मामले की सूचना दी थी, लेकिन उसकी शिकायत पर कार्रवाई नहीं हुई। इसके बाद उसने पुलिस अधीक्षक को रजिस्ट्री के माध्यम से प्रार्थना पत्र भेजकर न्याय की गुहार लगाई।
पीड़िता ने एसपी से सभी आरोपियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर कानूनी कार्रवाई करने की मांग की है। इसके अलावा उसने मेडिकल परीक्षण और उपचार, शरीर पर आई चोटों का चिकित्सकीय रिकॉर्ड तैयार कराने तथा कथित जबरन शारीरिक संबंध से जुड़े चिकित्सकीय एवं अन्य साक्ष्यों को सुरक्षित कराने की मांग की है।
महिला ने अपनी जान-माल की सुरक्षा के लिए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने और आरोपियों को उसे धमकाने या किसी तरह का दबाव बनाने से रोकने की भी गुहार लगाई है। मामले में पुलिस की ओर से आधिकारिक जांच या कार्रवाई की जानकारी सामने आने के बाद ही आरोपों की पूरी स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
Location : Ballia
Published : 7 October 2026, 4:58 AM IST
Topics : ballia police crime news UP News