हिंदी
आरोपी नदीम अहमद गिरफ्तार (img: X)
New Delhi: दिल्ली पुलिस ने AI टूल्स की मदद से पुलिस अधिकारी का कथित फर्जी और आपत्तिजनक वीडियो तैयार कर सोशल मीडिया पर वायरल करने के आरोप में नदीम अहमद को गिरफ्तार किया है। पुलिस का कहना है कि उसने AI टूल्स की मदद से एक पुलिस अधिकारी का आपत्तिजनक और फर्जी वीडियो तैयार कर उसे सोशल मीडिया पर वायरल किया। पुलिस के मुताबिक, वीडियो का उद्देश्य दिल्ली पुलिस की छवि को नुकसान पहुंचाना और लोगों के बीच अशांति पैदा करना था।
यह मामला 3 अक्टूबर का है। पुलिस कि जांच के दौरान सामने आया कि सोशल मीडिया पर एक फर्जी पोस्टर और कुछ तस्वीरें प्रसारित की गई थीं। इनमें दिल्ली पुलिस के अतिरिक्त डीसीपी विवेक भगत को एक महिला पत्रकार के साथ आपत्तिजनक व्यवहार करते हुए दिखाया गया था। पुलिस का दावा है कि वीडियो और तस्वीरों को AI टूल्स की मदद से तैयार और एडिट किया गया था।
अचानक हिलने लगी धरती, दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में महसूस हुए भूकंप के झटके
नई दिल्ली के एडीशनल डीसीपी मंजीत के मुताबिक, पुलिस ने उस Instagram आईडी की जांच शुरू की, जिससे वीडियो को वायरल किया जा रहा था। यह अकाउंट 'न्यूज आईना' के नाम से संचालित किया जा रहा था। जांच में पुलिस को पता चला कि इस Instagram हैंडल को हरियाणा निवासी नदीम अहमद चला रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ के दौरान आरोपी ने पुलिस को बताया कि वीडियो को AI टूल्स की मदद से एडिट किया गया था।
पुलिस का कहना है कि वीडियो को इस तरह तैयार किया गया था कि वह वास्तविक घटना जैसा प्रतीत हो। मामले की जांच के दौरान पुलिस सोशल मीडिया अकाउंट, वीडियो की उत्पत्ति और उसे प्रसारित करने के तरीके की भी पड़ताल कर रही है।
दिल्ली पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की कई धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। इसमें धारा 353, 352 और 336 समेत अन्य धाराएं शामिल हैं।
पुलिस के मुताबिक, धारा 353 के तहत झूठी सूचना के जरिए लोक शांति या सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने से संबंधित आरोप लगाया गया है। वहीं धारा 352 और 336 के तहत भी कार्रवाई की गई है। पुलिस ने कहा है कि जांच के दौरान सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर अन्य धाराएं भी जोड़ी जा सकती हैं।
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि कथित फर्जी वीडियो तैयार करने और उसे सोशल मीडिया पर प्रसारित करने में नदीम अहमद के अलावा कोई और व्यक्ति भी शामिल था या नहीं। जांच एजेंसियां यह भी पता लगा रही हैं कि क्या आरोपी को किसी व्यक्ति ने निर्देश दिए थे या उसे आर्थिक सहायता उपलब्ध कराई गई थी।
पुलिस के अनुसार, मामले की जांच अभी जारी है और डिजिटल साक्ष्यों की पड़ताल के बाद इस मामले में और जानकारी सामने आ सकती है।
Location : New Delhi
Published : 7 October 2026, 2:17 AM IST
Topics : Delhi Police Fake video New Delhi vivek bhagat