महिला इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के साथ अनहोनी की खौफनाक कहानी, ‘मुझसे शादी करो…

दिल्ली की सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट के घर जबरन घुसे गाजीपुर निवासी अभिनव की पिटाई के बाद अस्पताल में मौत हो गई। मामले में नेहा के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी गिरफ्तार हुए हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के जरिए अन्य आरोपियों की तलाश कर रही है।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 21 November 2026, 3:48 PM IST
google-preferred

नई दिल्ली: दिल्ली में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर नेहा बिष्ट से शादी की जिद में उनके घर में जबरन घुसे एक युवक की मौत का मामला सामने आया है। युवक उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला था और चेन्नई में एक निजी कंपनी में काम करता था। आरोप है कि वह नेहा बिष्ट के घर पहुंचा और उनसे शादी करने की जिद करने लगा। इस दौरान इन्फ्लुएंसर के परिवार वालों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी जमकर पिटाई कर दी। गंभीर रूप से घायल युवक ने करीब एक सप्ताह बाद अस्पताल में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

इस मामले में दिल्ली पुलिस ने नेहा बिष्ट के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। वहीं, घटना में शामिल अन्य लोगों की पहचान के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाली जा रही है।

कौन है नेहा बिष्ट, जिनके घर पहुंच गया युवक?

नेहा बिष्ट सोशल मीडिया की जानी-मानी इन्फ्लुएंसर और कंटेंट क्रिएटर हैं। इंस्टाग्राम पर उनके 6 लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जा रहे हैं। उनकी रील्स पर लाखों की संख्या में व्यूज आते हैं।

हाल ही में नेहा ने अपने इंस्टाग्राम और यूट्यूब अकाउंट पर सगाई और होने वाली शादी से जुड़े कई वीडियो भी पोस्ट किए थे। पुलिस की जांच में सामने आया है कि युवक लगातार नेहा का सोशल मीडिया कंटेंट देखता था और धीरे-धीरे उसके मन में उनके प्रति एकतरफा भावनाएं विकसित हो गई थीं।

7 नवंबर को जबरन घर में घुसा था अभिनव

पुलिस के मुताबिक, उत्तर प्रदेश के गाजीपुर का रहने वाला अभिनव 7 नवंबर को पूर्वी दिल्ली के मधु विहार इलाके में स्थित नेहा बिष्ट के घर पहुंचा था। उस समय नेहा घर पर ही मौजूद थीं।

आरोप है कि अभिनव जबरन घर में घुस गया और नेहा से शादी करने की जिद करने लगा। इस मामले में अगले दिन दर्ज कराई गई एफआईआर में आरोप लगाया गया कि वह शराब के नशे में था।

अभिनव की इस हरकत से नेहा के परिवार वाले नाराज हो गए। इसके बाद परिवार के सदस्यों और कुछ पड़ोसियों ने उसकी पिटाई कर दी। बताया गया है कि पुलिस को सूचना देने से पहले ही युवक के साथ मारपीट की गई थी।

पीठ और पैर पर आई थीं गंभीर चोटें, अस्पताल में तोड़ा दम

जब पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे तो अभिनव की पीठ और दाहिने पैर पर गंभीर चोटें थीं। उसकी हालत को देखते हुए उसे राजीव गांधी अस्पताल रेफर किया गया।

अस्पताल में उसका इलाज चल रहा था, लेकिन 15 नवंबर को उसकी मौत हो गई। इस घटना के बाद पुलिस ने मामले की जांच तेज कर दी और मारपीट में शामिल लोगों की भूमिका की पड़ताल शुरू की।

एकतरफा प्यार में उठाया ऐसा कदम?

पुलिस की शुरुआती जांच में पता चला है कि अभिनव लगातार नेहा बिष्ट के सोशल मीडिया वीडियो देखता था। इसी दौरान वह कथित तौर पर उनसे एकतरफा प्यार करने लगा था।

जांच में यह भी सामने आया कि कुछ महीने पहले वह एक प्रशंसक के तौर पर नेहा के घर जा चुका था। पुलिस के अनुसार, नेहा की किसी दूसरे व्यक्ति से होने वाली शादी को लेकर अभिनव परेशान था। हालांकि, नेहा उसे व्यक्तिगत रूप से नहीं जानती थीं।

नेहा के पिता और पड़ोसी गिरफ्तार, CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

युवक की मौत के बाद दिल्ली पुलिस ने गैर-इरादतन हत्या के आरोप में नेहा बिष्ट के पिता वीरेंद्र बिष्ट और एक पड़ोसी को गिरफ्तार किया है।

पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि घटना के समय घर में और कौन-कौन मौजूद था और मारपीट में किन लोगों की भूमिका थी। इसके लिए घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की जांच की जा रही है।

फिलहाल मामले में पुलिस की जांच जारी है। युवक की मौत के बाद यह मामला सोशल मीडिया पर भी चर्चा का विषय बन गया है।

Location :  New Delhi

Published :  21 November 2026, 3:48 PM IST

Advertisement