हिंदी
देवरिया के दो पुलों पर प्रशासन की नजर (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
Deoria: जिलाधिकारी मधुसूदन हुल्गी ने शनिवार को जनपद में निर्माणाधीन दो महत्वपूर्ण सेतु परियोजनाओं का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति और गुणवत्ता का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्धारित समयसीमा के भीतर गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य पूरा कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने सबसे पहले रामपुर कारखाना विधानसभा क्षेत्र के भरहे चौरा में छोटी गंडक नदी पर बन रहे दीर्घ सेतु का निरीक्षण किया। 24.99 करोड़ रुपये की लागत वाली इस परियोजना का निर्माण एक मार्च 2026 को शुरू हुआ था।
इसे 31 अक्टूबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित है। फिलहाल पुल का निर्माण कार्य 22.65 प्रतिशत ही पूरा हो सका है। डीएम ने निर्माण की धीमी प्रगति को देखते हुए कार्य में तेजी लाने और गुणवत्ता मानकों का विशेष ध्यान रखने के निर्देश दिए।
देवरिया में दो पुलों के निर्माण की DM ने परखी रफ्तार (इमेज सोर्स-डाइनामाइट न्यूज़)
इसके बाद उन्होंने भटनी में पूर्वी रेलवे समपार संख्या-115 स्पेशल पर निर्माणाधीन दो लेन रेल उपरिगामी सेतु (आरओबी) का निरीक्षण किया। 38.13 करोड़ रुपये की लागत से बन रहे इस पुल का निर्माण 12 नवंबर 2024 को शुरू हुआ था। इसकी भौतिक प्रगति 98.5 प्रतिशत पहुंच चुकी है। परियोजना को 30 नवंबर 2026 तक पूरा करने का लक्ष्य है। जिलाधिकारी ने शेष कार्यों को शीघ्र पूरा कराकर निर्धारित समयसीमा में पुल चालू कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान डीएम ने स्पष्ट कहा कि विकास परियोजनाओं में गुणवत्ता और समयबद्धता से कोई समझौता नहीं किया जाएगा। निर्माण कार्यों में लापरवाही अथवा अनावश्यक देरी बर्दाश्त नहीं होगी। उन्होंने अधिकारियों को नियमित निगरानी करने और कार्यदायी संस्था को पर्याप्त श्रमिक एवं संसाधन उपलब्ध कराकर काम में तेजी लाने के निर्देश दिए।
इस दौरान उप जिलाधिकारी भाटपाररानी दीपराज, क्षेत्राधिकारी तथा कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि मौजूद रहे।
Location : Deoria
Published : 21 November 2026, 3:10 PM IST