हिंदी
ताजमहल में प्रतिबंधित मीनार से वीडियो वायरल (फोटो सोर्स- इंटरनेट)
Agra: उत्तर प्रदेश के आगरा स्थित विश्व प्रसिद्ध ताजमहल में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। प्रतिबंधित मीनार से बनाया गया 360° वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद भारतीय पुरातत्व सर्वेक्षण (एएसआई) ने सख्त कार्रवाई करते हुए संविदा सफाई कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया है। इस घटना ने स्मारक की सुरक्षा प्रणाली पर सवाल खड़े कर दिए हैं।
मंगलवार को ताजमहल का एक वीडियो इंस्टाग्राम पर सामने आया, जो ‘its_vishalbhai’ नामक अकाउंट से पोस्ट किया गया था। वीडियो में बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ ताजमहल की मीनार से 360° व्यू शूट किया गया था। यह वही स्थान है जहां पर्यटकों का प्रवेश पूरी तरह वर्जित है। वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर हड़कंप मच गया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठने लगे।
ताजमहल की मीनार और अन्य संवेदनशील हिस्सों में केवल अधिकृत एएसआई अधिकारी, सीआईएसएफ जवान और संरक्षण कार्य से जुड़े कर्मचारियों को ही प्रवेश की अनुमति होती है। ऐसे में एक कर्मचारी द्वारा वहां पहुंचकर वीडियो बनाना गंभीर सुरक्षा चूक माना जा रहा है।
एएसआई और सीआईएसएफ की प्रारंभिक जांच में पता चला कि यह वीडियो ताजमहल में संविदा पर कार्यरत एक सफाई कर्मचारी ने शूट किया था। जांच के दौरान कर्मचारी के मोबाइल फोन की जांच की गई, जिसमें वही ओरिजिनल वीडियो पाया गया। इसके बाद अधिकारियों ने तुरंत कार्रवाई करते हुए वीडियो डिलीट कराया और कर्मचारी को नौकरी से बर्खास्त कर दिया।
Viral Video: आगरा के ताजमहल की प्रतिबंधित मीनार से 360° वीडियो वायरल होने के बाद सुरक्षा में बड़ी चूक सामने आई है। मामले में एएसआई ने कड़ा कदम उठाते हुए संविदा सफाई कर्मचारी को बर्खास्त कर दिया है। घटना ने स्मारक की सुरक्षा व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।#TajMahal… pic.twitter.com/9qyhwZxxrc
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) April 29, 2026
ताजमहल के वरिष्ठ संरक्षण सहायक कलंदर बिंद ने बताया कि मामला सामने आते ही विस्तृत जांच कराई गई। जांच में पुष्टि हुई कि प्रतिबंधित क्षेत्र से वीडियो बनाया गया था। इसे गंभीर लापरवाही मानते हुए कर्मचारी के खिलाफ अनुशासनात्मक कार्रवाई की गई।
घटना के बाद एएसआई ने सभी कर्मचारियों के लिए सख्त निर्देश जारी किए हैं कि प्रतिबंधित क्षेत्रों में मोबाइल फोन के इस्तेमाल पर पूर्ण रोक रहेगी। अब से ड्यूटी शुरू होने से पहले कर्मचारियों के मोबाइल जमा कराने का निर्णय लिया गया है ताकि ऐसी घटनाओं की पुनरावृत्ति न हो।
वीडियो वायरल होने के बाद सोशल मीडिया पर लोग सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठा रहे हैं। वहीं एएसआई और सीआईएसएफ इस बात की जांच में जुटे हैं कि आखिर प्रतिबंधित क्षेत्र तक कैमरा और मोबाइल कैसे पहुंचा। मामले की गहन जांच जारी है।
Location : Agra
Published : 29 April 2026, 9:58 AM IST