Uttarakhand News: पिथौरागढ़ में निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधान का पेड़ से लटका मिला शव, आत्महत्या या साजिश

उत्तराखंड के सीमांत जिले पिथौरागढ़ में एक दुखद घटना हुई है। यहां एक नवनिर्वाचित ग्राम प्रधान का शव बरामद हुआ है। पुलिस मामले की जांच में जुटी है।

Post Published By: Jay Chauhan
Updated : 12 September 2025, 2:18 PM IST
google-preferred

Pithoragarh: जनपद के डीडीहाट तहसील क्षेत्र के ननकुड़ी गांव में निर्विरोध चुने गए ग्राम प्रधान संजय कुमार का शव पेड़ से लटका मिला जिससे क्षेत्र में हड़कंप मच गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। इस घटना के बाद पूरे गांव में शोक की लहर है।

शव की पहचान ननकुड़ी के ग्राम प्रधान संजय कुमार (40 वर्षीय) पुत्र फकीर राम के रूप में हुई।

परिजनों के अनुसार संजय कुछ समय से अवसाद में थे जिसके कारण उन्होंने यह कदम उठाया। हाल ही में वे निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। पुलिस को ननकुड़ी प्राथमिक स्कूल के पास एक बांज के पेड़ में शव लटकने की सूचना मिली। संजय के इस कदम से हर कोई हैरान है। उनकी दो बेटी व एक बेटा है।

संजय कुमार पंचायत चुनाव में ननकुड़ी गांव के निर्विरोध ग्राम प्रधान चुने गए थे। दो हफ्ते पहले ही संजय ने ग्राम प्रधान पद की शपथ ली थी।

प्रधान की मौत से ग्रामीण हैरान

प्रधान की असामयिक मौत से ग्रामीण भी स्तब्ध हैं कि जिसे गांव के विकास के लिए ग्रामीणों ने निर्विरोध ग्राम प्रधान चुनाव था, वो अब इस दुनिया में नहीं रहा। अभी दो सप्ताह पूर्व ही ग्राम प्रधान की शपथ लेने के बाद संजय कुमार ने यह कदम क्यों उठाया होगा ये सवाल सबके मन में है।

पिथौरागढ़ में शीघ्र खुलेगा पासपोर्ट सेवा केंद्र, सीमांत जिलों को मिलेगी बड़ी राहत

संजय कुमार वर्ष 2002 से 2007 तक भी गांव में ग्राम प्रधान रहे। ग्रामीणों ने बताया कि संजय कुमार हमेशा गांव के विकास के लिए संघर्षरत रहते थे। वो बहुत मिलनसार और सहयोगी भावना वाले थे। गांव के जब वो प्रधान नहीं थे, तब भी लोगों के कार्यों में सहयोग करते थे।

पुलिस की कार्रवाई

पुलिस ने बताया कि ग्राम प्रधान का शव मिला है। मौत के कारणों की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पहली नजर में मामला आत्महत्या का लग रहा है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों का पता चलेगा।

नेपाल में युवाओं का गुस्सा उबाल पर, पिथौरागढ़ में क्या कहते हैं नेपाल मूल के लोग?

पिथौरागढ़ उत्तराखंड का सीमांत जिला है। इसकी सीमाएं नेपाल और चीन के कब्जे वाले तिब्बत से लगती हैं। इस जिले में कुल 64 न्याय पंचायतें और 690 ग्राम पंचायतें हैं। उत्तराखंड में 24 और 28 जुलाई को त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव हुए थे। 31 जुलाई को पंचायत चुनावों का परिणाम घोषित हुआ था।

Location :