हिंदी
उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए राजनीतिक दलों ने कमर कस ली है। एक-दूसरे पर आरोप-प्रत्यारोप का सिलसिला तेज हो चुका है। इसी क्रम में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और राज्य के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने शनिवार को लखनऊ में प्रेस वार्ता करके केंद्र और यूपी दोनों सरकारों पर तीखे हमले किये। जानिए क्या खास बोले अखिलेश..
लखनऊ में अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार को घेरा (Img- Internet)
सपा प्रमुख ने कानून व्यवस्था और पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि कई मामलों में पुलिस की भूमिका पर सवाल खड़े हो रहे हैं। कानपुर से खबर आई कि पुलिस के लोगों की कॉल डिटेल निकल गई। जब कॉल डिटेल निकली तो पता चला कि अपराधियों को वही जानकारी देते थे।
अखिलेश यादव ने कहा कि बीजेपी के लोगों ने समाजवादी पार्टी को बदनाम करने के लिए एक गाना लॉन्च किया है। उन्होंने कहा, “बीजेपी के लोगों ने एक नया गाना लॉन्च किया है, उस पर हम FIR लिखवाएंगे। हमें समझ आ जाएगा कि वो पकड़े नहीं जाएंगे और नहीं पकड़े गए तो समझ लीजिए कि बीजेपी के लोग हैं।”
अखिलेश यादव ने अपनी सरकार के दौरान हुए कामों का जिक्र करते हुए बताया कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने प्रदेश में कई बड़े प्रोजेक्ट शुरू किए थे। सपा सरकार ने एक्सप्रेसवे बनाया, लैपटॉप बांटे, रिवर फ्रंट बनाया और बहुत से बड़े फैसले लिये। यूपी में सबसे ज्यादा थर्मल प्लांट सपा सरकार में लगे। बीजेपी ने यूपी में एक भी थर्मल प्लांट बनाया हो तो बताएं। उन्होंने यह भी कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार ने लोकभवन, कैंसर इंस्टीट्यूट, बड़ी यूनिवर्सिटी, डायल 100, एंबुलेंस व्यवस्था और रिवरफ्रंट जैसे कई बड़े काम किए।
अखिलेश यादव ने चुनाव आयोग पर भी सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि अगर समाजवादी पार्टी के लोगों ने आवाज न उठाई होती तो कई जगह वोट कटवाने की तैयारी की जा रही थी।
उन्होंने कहा, “इलेक्शन कमीशन से पूछिए कि नंदलाल के वोट करवाने या दस्तखत कराने वाला कौन था। अगर सपा वालों ने शोर न मचाया होता तो हर विधानसभा में इन्होंने वोट कटवाने की तैयारी की थी। सरोजनीनगर में एक ही व्यक्ति के दस्तखत से कई वोट काटे जा रहे थे।”
अखिलेश यादव की प्रेस वार्ता (Img- Internet)
सपा प्रमुख ने संवाददाता सम्मेलन में शंकराचार्य को लेकर भी भाजपा को घेरा। उन्होंने कहा, "शंकराचार्य एक विचार भी हैं। हम सब चाहते हैं कि गाय की सेवा हो, लेकिन जिस तरह उन पर बदनाम करने के आरोप लगाए जा रहे हैं, उससे शंकराचार्य के साथ-साथ सनातन को भी बदनाम किया जा रहा है।”
कन्नौज पहुंचे सपा प्रमुख अखिलेश यादव, भाजपा पर किया तीखा हमला; दिया ये बड़ा बयान
अखिलेश यादव ने कहा कि आने वाले समय में PDA (पिछड़ा, दलित और अल्पसंख्यक) की सरकार बनेगी। उन्होंने कहा कि समाज के शोषित और पीड़ित वर्गों को जोड़कर समाजवादी पार्टी प्रदेश में मजबूत विकल्प बनेगी।
डिप्टी सीएम केशव प्रसाद मौर्य के हेलीकॉप्टर में धुआं भरने के मुद्दे पर भी अखिलेश यादव ने बड़ी बात कही। उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि उन्हें नया वाला हेलीकॉप्टर नहीं मिला होगा। हालांकि, गंभीर लहजे में अखिलेश यादव ने कहा कि हम कामना करते हैं, वे स्वस्थ रहें। उन्होंने कहा कि हेलीकॉप्टर एक मशीन है। हम सब लोग इस मशीन में उड़ते हैं। किसी के साथ भी इस तरह की घटना नहीं होनी चाहिए। मशीन को अच्छा रहना चाहिए। साथ ही, उन्होंने कहा कि प्रदेश में जो नया हेलीकॉप्टर आया है, वह उन्हें मिलना चाहिए।
प्रेस वार्ता में शिवपाल यादव ने भी सरकार पर जमकर हमला किया। उन्होंने कहा कि आज की सरकार अब तक की सबसे भ्रष्ट सरकार है। उन्होंने कहा, “इतनी भ्रष्ट सरकार अभी तक के इतिहास में नहीं हुई। सारे रिकॉर्ड भ्रष्टाचार के इस सरकार ने तोड़ दिए। ”
इजरायल-ईरान युद्ध के बीच सपा प्रमुख का बड़ा बयान, जानिये क्या बोले अखिलेश यादव?