हिंदी
मैरिज पैलेस में डेकोरेशन के दौरान उतरा करंट
Maharajganj: जनपद के धानी क्षेत्र में एक मैरिज पैलेस में डेकोरेशन के दौरान बड़ा हादसा हो गया। बिजली के पोल में उतरे करंट की चपेट में आने से 15 वर्षीय किशोर की दर्दनाक मौत हो गई। घटना के बाद इलाके में शोक की लहर फैल गई, जबकि परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
जानकारी के अनुसार, बृजमनगंज थाना क्षेत्र के धानी इलाके के सिकंदराजीतपुर स्थित इंदु पैलेस में डेकोरेशन का काम चल रहा था। इसी दौरान ग्राम खड़खड़िया टोला अमहवा निवासी दिव्यांशु (15) पुत्र गणेश यादव वहां सजावट का कार्य कर रहा था। बताया जा रहा है कि काम के दौरान वह लोहे के एक पोल के संपर्क में आ गया, जिसमें बिजली का करंट उतर रहा था।
जैसे ही दिव्यांशु ने पोल को छुआ, वह तेज करंट की चपेट में आ गया और बुरी तरह झुलस गया। मौके पर मौजूद लोगों ने तुरंत उसे बचाने की कोशिश की और आनन-फानन में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र धानी ले गए, लेकिन डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।
बताया जा रहा है कि हादसे के समय उसी पोल पर कुल तीन लोग काम कर रहे थे। गनीमत रही कि दिव्यांशु के साथ मौजूद दो अन्य साथी किसी तरह करंट की चपेट में आने से बच गए, लेकिन दिव्यांशु को करंट का सीधा झटका लग गया।मृतक दिव्यांशु अपने तीन भाइयों में सबसे छोटा था। उसकी मौत की खबर जैसे ही गांव पहुंची, पूरे परिवार में कोहराम मच गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और गांव में भी शोक का माहौल बना हुआ है।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। धानी चौकी इंचार्ज आलोक राय ने बताया कि करंट लगने से किशोर की मौत की सूचना मिली थी। शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई की जा रही है।
Location : Maharajganj
Published : 7 March 2026, 11:26 PM IST
Topics : Maharajganj Maharajganj Local News Maharajganj News (महाराजगंज न्यूज़) Maharajganj Accident