हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Roorkee: उत्तराखंड के रुड़की स्थित ढंडेरा में शुक्रवार देर रात हुई शराब कैंटीन संचालक अमन की निर्मम हत्या ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी थी। घर लौटते समय बाइक सवार नकाबपोश बदमाशों ने अमन को निशाना बनाकर गोलियों से भून दिया था।
इस सनसनीखेज वारदात को गंभीरता से लेते हुए सिविल लाइन पुलिस और स्पेशल टीम ने घटनास्थल के पास लगे दर्जनों सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। फुटेज और स्थानीय इनपुट के आधार पर पुलिस को वारदात में शामिल संदिग्धों के हुलिए और भागने के रास्ते का अहम सुराग हाथ लगा।
शनिवार देर रात पुलिस को सटीक मुखबिर से सूचना मिली कि हत्या में शामिल आरोपी एक बिना नंबर की बाइक से नगला इमरती रोड की तरफ भागने की फिराक में हैं। सिविल लाइन कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप बिष्ट के नेतृत्व में पुलिस टीम ने तुरंत इलाके की घेराबंदी कर दी। खुद को पुलिस से घिरता देख बाइक सवार बदमाशों ने आपा खो दिया और पुलिस टीम को निशाना बनाते हुए ताबड़तोड़ फायरिंग शुरू कर दी।
बड़ी खबर: उत्तराखंड के पीपलकोटी में THDC सुरंग धंसी, कई मजदूर फंसे, रेस्क्यू ऑपरेशन जारी
पुलिस ने भी बचाव में जवाबी फायरिंग की, जिसमें एक गोली मुख्य आरोपी सौरभ (पुत्र देशराज, निवासी ढंडेरा) के पैर में जा लगी और वह मौके पर ही गिर पड़ा। हालांकि, उसके दो अन्य साथी रात के अंधेरे और झाड़ियों का फायदा उठाकर भागने में सफल रहे।
पुलिस ने घायल सौरभ को तुरंत हिरासत में लेकर इलाज के लिए नजदीकी सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया है। मौके से वारदात में इस्तेमाल बाइक और अन्य आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई है।
अस्पताल में शुरुआती पूछताछ के दौरान घायल बदमाश सौरभ ने स्वीकार किया कि शुक्रवार रात अमन की हत्या में वह अपने दोनों साथियों के साथ शामिल था। पुलिस अधिकारियों के अनुसार, फरार दोनों आरोपियों की पहचान कर ली गई है और आसपास के जंगलों व संभावित ठिकानों पर सघन कांबिंग अभियान चलाया जा रहा है। जल्द ही इस पूरी वारदात के पीछे की मुख्य वजह और साजिश का पर्दाफाश किया जाएगा।
Location : Roorkee
Published : 23 August 2026, 8:58 AM IST