

उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व हरेला के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित गोरख मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हरेला का त्योहार मानो धरती मां का ऋण चुकाना” रखी गई थी।
सीएम धामी हरेला पर्व मनाते हुए
Dehradun: उत्तराखंड के पारंपरिक लोक पर्व हरेला के पावन अवसर पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने आज देहरादून स्थित गोरख मिलिट्री इंटर कॉलेज परिसर में आयोजित राज्यव्यापी वृक्षारोपण अभियान में भाग लेकर पर्यावरण संरक्षण के प्रति राज्य की प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने रुद्राक्ष का पौधा रोपित कर इस अभियान का शुभारंभ किया। इस वर्ष कार्यक्रम की थीम “हरेला का त्योहार मानो धरती मां का ऋण चुकाना” रखी गई थी।
डाइनामाइट न्यूज़ संवाददाता के मुताबिक, मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि हरेला सिर्फ एक पर्व नहीं बल्कि उत्तराखंड की संस्कृति, प्रकृति और चेतना से जुड़ी एक गहरी भावना है। यह पर्व पर्यावरण के प्रति हमारी जिम्मेदारियों का स्मरण कराता है। उन्होंने बताया कि इस वर्ष प्रदेश में 5 लाख पौधे लगाने का लक्ष्य तय किया गया है, जिसमें वन विभाग के प्रत्येक डिवीजन में 50% पौधे फलदार प्रजातियों के होंगे। इससे न केवल हरियाली बढ़ेगी बल्कि स्थानीय लोगों की आजीविका को भी मजबूती मिलेगी।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पौधे लगाने तक ही जिम्मेदारी सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि उनकी नियमित देखभाल भी उतनी ही आवश्यक है जब तक वे वृक्ष न बन जाएं। उन्होंने उत्तराखंड की प्राकृतिक संपदा और जैविक विविधता की रक्षा को हर नागरिक का नैतिक कर्तव्य बताया। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रेषित पंचामृत संकल्प, नेट जीरो एमिशन और एक पेड़ मां के नाम जैसे अभियानों का उल्लेख करते हुए श्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार भी इन्हीं मूल्यों को आत्मसात कर कार्य कर रही है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि पूरे देश में इस वर्ष 108 करोड़ पेड़ लगाने का लक्ष्य रखा गया है। इसके अलावा जल संरक्षण के क्षेत्र में भी उल्लेखनीय कार्य किए जा रहे हैं। स्प्रिंग एंड रिवर रिचार्ज अथॉरिटी के माध्यम से अब तक 6500 से अधिक जल स्रोतों का संरक्षण और 3.12 मिलियन घन मीटर वर्षा जल का संचयन किया गया है। उन्होंने सिंगल यूज प्लास्टिक पर पूर्ण प्रतिबंध और वाहनों में कूड़ादान अनिवार्य किए जाने जैसे कदमों की भी जानकारी दी।
कार्यक्रम में कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल, गणेश जोशी, विधायक सविता कपूर, खजान दास, देहरादून के मेयर सौरभ, मुख्य सचिव आनंद वर्धन, प्रमुख सचिव आर.के. सुधांशु, डीजीपी दीपम सेठ, प्रमुख वन संरक्षक समीर सिंह समेत कई वरिष्ठ अधिकारी, जनप्रतिनिधि और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे। अभियान में छात्र-छात्राओं, महिला समूहों, पंचायतों और स्वयंसेवी संगठनों की सक्रिय भागीदारी ने इसे एक जनआंदोलन का रूप दिया।