नियम सबके लिए बराबर हैं… नैनीताल में आयुक्त दीपक रावत और विधायक सरिता आर्या के घर भी पहुंचा नोटिस

नैनीताल में चल रहे मतदाता सत्यापन अभियान ने अब बड़ा संदेश दिया है। इस बार सिर्फ आम लोग ही नहीं, बल्कि बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी इसकी प्रक्रिया से गुजर रहे हैं। आयुक्त दीपक रावत और विधायक सरिता आर्या के घर भी नोटिस पहुंचने के बाद अभियान चर्चा में आ गया है।

Nainital: निर्वाचन आयोग की ओर से चलाए जा रहे विशेष गहन पुनरीक्षण (एसआईआर) अभियान के तहत नैनीताल में मतदाता सत्यापन का काम तेजी से जारी है। बीएलओ घर-घर जाकर मतदाताओं का सत्यापन कर रहे हैं, जबकि सत्यापन केंद्रों पर भी लोगों की भीड़ देखने को मिल रही है।

दस्तावेज सत्यापन के लिए पहुंचे लोग

शहर के नर्सरी स्कूल में बनाए गए एसआईआर सत्यापन केंद्र पर मंगलवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में लोग अपने दस्तावेजों के सत्यापन के लिए पहुंचे। कई लोगों को लंबी लाइन में लगकर अपनी बारी का इंतजार करना पड़ा। बुजुर्गों ने कहा कि अगर बीएलओ घर-घर जाकर ही सभी जरूरी दस्तावेज ले लेते तो लोगों को दोबारा केंद्रों पर नहीं आना पड़ता। उन्होंने व्यवस्था को और बेहतर बनाने के लिए अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती की भी मांग की।

ये भी पढ़ें- जरा-सी बात पर मचा बवाल… कचरा और पानी फेंकने को लेकर खून-खराबा, 9 नामजद समेत कई पर केस दर्ज

अभियान में ये हुए शामिल

इस अभियान में आम लोगों के साथसाथ बड़े अधिकारी और जनप्रतिनिधि भी शामिल हैं। कुमाऊं आयुक्त दीपक रावत और नैनीताल विधायक सरिता आर्या के आवास पर भी निर्वाचन आयोग की ओर से सत्यापन नोटिस भेजा गया है। विधायक सरिता आर्या को जारी नोटिस में उनसे और उनके छोटे बेटे से जुड़ी आवश्यक जानकारी उपलब्ध कराने को कहा गया है। वहीं आयुक्त दीपक रावत के आवास पर भी सत्यापन की प्रक्रिया पूरी करने के लिए नोटिस पहुंचा है। इसके अलावा शहर के कई अन्य लोगों को भी नोटिस जारी किए गए हैं।

ये भी पढ़ें- Mirzapur: कुर्सी के रोब में हदें पार? कृषि विभाग के कर्मियों ने खोला मोर्चा, अफसर की प्रताड़ना के खिलाफ सड़क पर उतरे कर्मचारी

विधायक सरिता आर्या ने कहा कि निर्वाचन आयोग की ओर से चलाई जा रही इस प्रक्रिया का सभी लोगों को पालन करना चाहिए और समय पर जरूरी जानकारी उपलब्ध करानी चाहिए।

क्या है इस अभियान का उद्देश्य?

एसडीएम नवाजिश खालिक ने बताया कि विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान का उद्देश्य मतदाता सूची को पूरी तरह सही और अद्यतन बनाना है। उन्होंने कहा कि बीएलओ घर-घर जाकर सत्यापन कर रहे हैं और यह प्रक्रिया सभी के लिए समान है। आम मतदाता हो, जनप्रतिनिधि हो या कोई वरिष्ठ अधिकारी, सभी का सत्यापन निर्धारित प्रक्रिया के तहत किया जा रहा है।

Location :  Nainital

Published :  4 August 2026, 5:27 PM IST

Advertisement