हिंदी
प्रतीकात्मक फोटो (Img- Internet)
Haridwar: उत्तराखंड के हरिद्वार जिले के लक्सर इलाके से एक बेहद सनसनीखेज और दिल दहला देने वाला मामला सामने आया है। यहाँ अपने मायके में रह रही एक विवाहिता पर उसके ही पति ने कांच की टूटी बोतल से जानलेवा हमला कर दिया। इस हमले में महिला गंभीर रूप से घायल हो गई है। हैरान करने वाली बात यह है कि मारपीट करने के बाद आरोपी पति ने समाज और कानून की परवाह किए बिना महिला को मौके पर ही तीन तलाक भी दे दिया।
इस पूरी वारदात के बाद इलाके में हड़कंप मच गया है। पीड़िता की शिकायत पर तत्परता दिखाते हुए लक्सर कोतवाली पुलिस ने आरोपी पति समेत तीन लोगों के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।
लक्सर कोतवाली के रणसूरा गांव की रहने वाली आइशा ने पुलिस को अपनी आपबीती बताते हुए तहरीर दी है। आइशा के मुताबिक, उसकी शादी 15 मार्च 2023 को मुस्लिम रीति-रिवाज के साथ मंगलौर थाना क्षेत्र के बिझौली गांव निवासी शमशाद के साथ हुई थी। निकाह के बाद सब कुछ ठीक चल रहा था और पिछले साल तीन अक्टूबर को आइशा ने एक सुंदर पुत्र को जन्म दिया।
लेकिन किस्मत को कुछ और ही मंजूर था, जन्म के महज सात दिन बाद यानी 10 अक्टूबर को उसके नवजात बच्चे की अचानक मौत हो गई। इस गहरे सदमे और पारिवारिक अनबन के बाद से ही आइशा अपने मायके रणसूरा गांव में आकर रह रही थी।
आइशा का आरोप है कि बीते 12 अप्रैल को उसका पति शमशाद अचानक उसके मायके पहुंच गया। उसके साथ रतनपुर का रहने वाला मुकर्रम और बिझौली का शाहनवाज भी आए थे। घर में घुसते ही शमशाद ने आइशा के साथ गाली-गलौज शुरू कर दी। जब आइशा ने इसका विरोध किया, तो गुस्से में आगबबूला होकर शमशाद ने पास में पड़ी कांच की एक बोतल तोड़ी और उसके नुकीले हिस्से से आइशा पर ताबड़तोड़ हमला कर दिया। वार इतना जोरदार था कि आइशा बुरी तरह लहूलुहान होकर वहीं गिर पड़ी।
आइशा की चीख-पुकार और शोरशराबा सुनकर आस-पास के पड़ोसी और मायके वाले तुरंत मौके की तरफ दौड़े। लोगों को अपनी तरफ आता देख शमशाद के साथ आए दोस्त मुकर्रम और शाहनवाज ने उसे और ज्यादा भड़काना शुरू कर दिया। दोस्तों के उकसावे में आकर शमशाद ने वहीं पर आइशा को तीन तलाक दे दिया और जान से मारने की धमकी देते हुए फरार हो गए।
हरिद्वार में स्लीपर बस में लगी भीषण आग, ऐसे बची सवारियों की जान
आइशा ने बताया कि इस घटना के बाद भी उसने अपने स्तर पर पति से समझौते के कई प्रयास किए ताकि घर बच सके, लेकिन आरोपी पति किसी भी बात पर राजी नहीं हुआ। हारकर पीड़िता ने पुलिस की शरण ली। लक्सर कोतवाल प्रवीण सिंह कोश्यारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर तीनों आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज कर लिया गया है और मामले की गहराई से जांच की जा रही है।
Location : Haridwar
Published : 13 June 2026, 1:16 PM IST