कौन है 50 हजार का इनामी मोनू? जिसको बुलंदशहर पुलिस ने एनकाउंटर में किया ढेर, मासूम बच्ची के साथ रेप के बाद किया था मर्डर

बुलंदशहर में नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के आरोपी 50 हजार के इनामी बदमाश मोनू का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया। गुलावठी क्षेत्र में हुई मुठभेड़ में दो पुलिसकर्मी घायल हुए, जबकि मौके से हथियार और बाइक बरामद की गई। आरोपी का एक साथी फरार हो गया, जिसकी तलाश जारी है।

Post Published By: Mayank Tawer
Updated : 9 August 2026, 1:42 PM IST
google-preferred

Bulandshahr: बुलंदशहर में मासूम बच्ची से दरिंदगी और हत्या के आरोपी बदमाश का पुलिस ने एनकाउंटर कर दिया है। 50 हजार रुपये के इनामी बदमाश मोनू को पुलिस और स्वाट टीम ने मुठभेड़ के दौरान मार गिराया। इस कार्रवाई के दौरान पुलिस और बदमाशों के बीच जमकर गोलीबारी हुई, जिसमें स्वाट टीम के एक दरोगा समेत दो पुलिसकर्मी घायल हो गए। वहीं, बदमाशों की फायरिंग में थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में भी गोलियां लगीं, हालांकि दोनों पुलिसकर्मी सुरक्षित बच गए।

गुलावठी इलाके में हुई पुलिस-बदमाशों की मुठभेड़

जानकारी के मुताबिक, यह मुठभेड़ बुलंदशहर के गुलावठी थाना क्षेत्र के गांव छपरावत के पास हुई। पुलिस और स्वाट टीम को सूचना मिली थी कि नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या के मामले में फरार चल रहा आरोपी मोनू अपने साथियों के साथ इलाके में मौजूद है। सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने इलाके की घेराबंदी शुरू की। इसी दौरान बदमाशों ने पुलिस टीम को देखकर फायरिंग शुरू कर दी। पुलिस ने भी आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की। दोनों तरफ से हुई गोलीबारी में मोनू को गोली लगी और वह मौके पर ही ढेर हो गया।

पुलिसकर्मियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में लगी गोली

मुठभेड़ के दौरान बदमाशों की ओर से की गई फायरिंग में गुलावठी और सिकंदराबाद थाना प्रभारियों की बुलेटप्रूफ जैकेट में गोलियां लगीं। जैकेट की वजह से दोनों पुलिस अधिकारी बाल-बाल बच गए। मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, दो मैगजीन, कारतूस और बिना नंबर की बाइक बरामद की है। पुलिस का कहना है कि बदमाश पूरी तैयारी के साथ वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे।

नाबालिग से दुष्कर्म और हत्या मामले में था वांछित

पुलिस के अनुसार, मोनू पर 1 अगस्त को ककोड़ थाना क्षेत्र के वैर रेलवे स्टेशन पर मानसिक रूप से कमजोर नाबालिग बच्ची से दुष्कर्म और हत्या का गंभीर आरोप था। इस जघन्य वारदात के बाद से ही पुलिस उसकी तलाश में जुटी हुई थी। आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस ने 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया था। लंबे समय से फरार चल रहा मोनू पुलिस के लिए बड़ी चुनौती बना हुआ था।

अंधेरे का फायदा उठाकर साथी फरार

मुठभेड़ के दौरान मोनू का एक साथी अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने उसकी तलाश में इलाके में सघन कॉम्बिंग अभियान शुरू कर दिया है। फरार आरोपी को पकड़ने के लिए कई पुलिस टीमें लगाई गई हैं, बुलंदशहर के पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने मुठभेड़ की जानकारी देते हुए बताया कि आरोपी की तलाश के दौरान यह कार्रवाई की गई। पुलिस अब फरार बदमाश की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

Location :  Bulandshahr

Published :  9 August 2026, 1:42 PM IST

Related News

Advertisement