जन्मदिन का झूठा बहाना और 6 फीट गहरा गड्ढा,अमरोहा में अनीता हत्याकांड की कहानी सुनकर चौंक जाएंगे

अमरोहा के अनीता हत्याकांड में पुलिस ने पति नेमपाल और भांजे राजू सैनी को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है। पुलिस के मुताबिक, जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर राजू अनीता को गवां ले गया था। आरोप है कि हथौड़ी से हत्या के बाद शव छह फीट गहरे गड्ढे में दफनाया गया।

Post Published By: Pratibha Yadav
Updated : 17 November 2026, 7:43 PM IST
google-preferred

Amroha: उत्तर प्रदेश के अमरोहा में अनीता हत्याकांड में कई चौंकाने वाले खुलासे हुए हैं। पुलिस ने आरोपी पति नेमपाल और उसके भांजे राजू सैनी को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से दोनों को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। पुलिस के मुताबिक, राजू जन्मदिन की पार्टी में शामिल कराने का बहाना बनाकर अनीता को गजरौला चौपला से बाइक पर बैठाकर गवां ले गया था। आरोप है कि पांच नवंबर की रात मामा-भांजे ने हथौड़ी से सिर पर वार कर उसकी हत्या कर दी और शव घर के पीछे खेत में करीब छह फीट गहरे गड्ढे में दफना दिया। पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर हत्या में इस्तेमाल हथौड़ी और बाइक बरामद की है।

जन्मदिन की पार्टी का बहाना बनाकर अनीता को ले गया था राजू

सीओ पंकज त्यागी के मुताबिक, सैदनगली थाना क्षेत्र के गांव चकूनी निवासी नेमपाल ने अपनी पत्नी अनीता (40) की हत्या की साजिश अपने भांजे राजू सैनी के साथ मिलकर रची थी। बताया गया कि नेमपाल ने अनीता को छोड़ दिया था। इसके बाद वह अपनी तीन बेटियों के साथ गजरौला में रहने लगी थी, जबकि उसका एक बेटा पिता नेमपाल के साथ रहता था। पुलिस के अनुसार, नेमपाल को शक था कि उसकी पत्नी के भांजे राजू के साथ संबंध हैं। इसी शक और विवाद के चलते दोनों ने अनीता को रास्ते से हटाने की योजना बनाई थी।

सीओ ने बताया कि पूछताछ में सामने आया कि पांच नवंबर की शाम राजू अनीता को गजरौला चौपला से बाइक पर बैठाकर गवां स्थित अपने घर ले गया था। उसने अनीता से कहा था कि उसका जन्मदिन है और उसे कार्यक्रम में शामिल होना है। परिवार के लोगों को राजू पर भरोसा था। इसी भरोसे का फायदा उठाकर वह अनीता को अपने साथ ले गया।

आरोप है कि पांच नवंबर की रात नेमपाल और राजू ने हथौड़ी से अनीता के सिर पर ताबड़तोड़ प्रहार किए, जिससे उसकी हत्या हो गई। इसके बाद साक्ष्य छिपाने के लिए घर के पीछे खेत में करीब छह फीट गहरा गड्ढा खोदकर शव दफना दिया गया।

ये भी पढ़े: अमरोहा दुष्कर्म केस: उमेश शर्मा के फार्म हाउस मामले में महिला आयोग की एंट्री, जांच पर नजर

छह फीट गहरे गड्ढे में मिला शव

अनीता के लापता होने के बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की थी। 11 नवंबर को उसके भाई मानू सिंह ने गुमशुदगी दर्ज कराई थी। रविवार को पुलिस ने घर से सटे खेत में खुदाई कर करीब छह फीट गहरे गड्ढे से शव बरामद किया। परिजनों के मुताबिक, अनीता के शरीर पर कपड़े नहीं थे।

भाई मानू सिंह ने आरोप लगाया कि हत्या से पहले उनकी बहन के साथ बर्बरता की गई थी। उनका कहना है कि सिर पर हथौड़ी से वार करने के अलावा शरीर के अन्य हिस्सों पर भी चोटों के निशान थे। हालांकि, कथित बर्बरता और चोटों से जुड़े इन आरोपों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच से होना बाकी है।

अनीता के चार बच्चे थे, जिनमें तीन बेटियां और एक बेटा शामिल हैं। बेटा पिता नेमपाल के साथ रहता था, जबकि तीनों बेटियों की परवरिश अनीता कर रही थी। तीन नवंबर को अनीता अपनी बेटियों के साथ मायके पहुंची थी। वहां से उसकी बड़ी बेटी रिश्तेदारी में चली गई थी, जबकि दो बेटियां घर पर ही रह गई थीं।

पांच नवंबर की रात करीब आठ बजे तक अनीता की बच्चों से फोन पर बातचीत हुई थी। इसके बाद उसका मोबाइल बंद हो गया। मां के गजरौला स्थित घर नहीं पहुंचने पर 17 वर्षीय बड़ी बेटी चांदनी ने अपने मामा मानू सिंह को फोन कर इसकी जानकारी दी। इसके बाद परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की।

ये भी पढ़े: अमरोहा सीट पर नया ट्विस्ट! क्या शमी का विकेट लेंगी हसीन जहां? टिकट के लिए कौन दल होगा मेहरबान

मोबाइल लोकेशन से गहराया शक

अनीता के मोबाइल की आखिरी लोकेशन राजू के घर के आसपास मिलने के बाद भाई मानू सिंह का शक गहरा गया था। उन्हें राजू की भूमिका संदिग्ध लगने लगी। इसके बाद मानू ने खुद भी उसकी गतिविधियों पर नजर रखनी शुरू कर दी। मोबाइल लोकेशन से मिले सुराग और उनकी पड़ताल ने मामले की गुत्थी सुलझाने में अहम भूमिका निभाई।

मानू सिंह के मुताबिक, अनीता का शव जिस गड्ढे में दबाया गया था, उसे उन्होंने पहले ही देख लिया था। जब उन्होंने राजू से गड्ढा खोदने की वजह पूछी तो उसने बताया कि घर के गंदे पानी की निकासी के लिए गड्ढा खोदा गया था। उसने कहा था कि घर का गंदा पानी उसी जगह गिरता है। उस समय मानू को उसकी बात पर शक नहीं हुआ, लेकिन बाद में उसी गड्ढे से अनीता का शव बरामद हुआ।

वहीं, मानू सिंह ने अपनी बहन के चरित्र पर सवाल उठाने वालों के खिलाफ नाराजगी जताई है। उनका आरोप है कि हत्या के बाद अनीता को चरित्रहीन बताकर उसकी छवि खराब करने की कोशिश की जा रही है, जबकि ऐसे आरोपों के समर्थन में कोई ठोस सबूत नहीं है।

पुलिस मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है

मानू ने राजू की पत्नी और परिवार के अन्य सदस्यों की भूमिका पर भी शक जताया है। उनका आरोप है कि राजू की पत्नी अनीता को लेकर शक करती थी और इसी रंजिश में हत्या की साजिश रची गई हो सकती है। उन्होंने पुलिस से मामले की निष्पक्ष जांच कर राजू के परिजनों की भूमिका की पड़ताल करने की मांग की है। हालांकि, पुलिस ने अभी तक किसी अन्य परिजन की संलिप्तता की आधिकारिक पुष्टि नहीं की है। दोनों आरोपियों को न्यायालय में पेश करने के बाद न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।

Location :  Amroha

Published :  17 November 2026, 7:43 PM IST

Related News

Advertisement