हिंदी
Gorakhpur: उत्तर प्रदेश के गोरखपुर जनपद में अवैध असलहों की तस्करी और आपराधिक गतिविधियों पर अंकुश लगाने के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत कैंट पुलिस और एंटी थेफ्ट टीम को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने अंतरराज्यीय स्तर पर अवैध असलहों की तस्करी करने के आरोप में वांछित एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है। उसके कब्जे से .32 बोर की एक पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद हुआ है। गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार थाना क्षेत्र के भलुही निवासी कृष्णा सिंह उर्फ काका पुत्र संजय सिंह के रूप में हुई है।
पुलिस के मुताबिक, अपराधियों की गिरफ्तारी और अवैध गतिविधियों पर प्रभावी नियंत्रण के लिए चलाए जा रहे अभियान के क्रम में यह कार्रवाई की गई। पुलिस अधीक्षक नगर के मार्गदर्शन, क्षेत्राधिकारी कैंट के पर्यवेक्षण तथा प्रभारी निरीक्षक कैंट के नेतृत्व में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह ने एंटी थेफ्ट टीम के साथ मिलकर अभियुक्त की गिरफ्तारी की। कृष्णा सिंह कैंट थाने में दर्ज मुकदमा अपराध संख्या 505/2026 में वांछित चल रहा था। पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर उसके पास से अवैध पिस्टल और कारतूस बरामद किया।
जनगणना-2027: घर बैठे मोबाइल से भरें फॉर्म, 30 नवंबर आखिरी तारीख; जानिए पूरा प्रोसेस
पुलिस की ओर से जारी प्रेस नोट में अभियुक्त के खिलाफ दर्ज आपराधिक मुकदमों का भी उल्लेख किया गया है। उसके विरुद्ध कुशीनगर जिले के अहिरौली बाजार और कप्तानगंज थानों में मारपीट, धमकी और अन्य धाराओं में चार मुकदमे दर्ज बताए गए हैं। इसके अलावा गोरखपुर के कैंट थाने में आर्म्स एक्ट और बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज है। इस तरह पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार अभियुक्त के खिलाफ कुल पांच आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
बरामदगी में एक .32 बोर पिस्टल और एक जिंदा कारतूस शामिल है। पुलिस ने बताया कि अभियुक्त के खिलाफ अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। अंतरजनपदीय स्तर पर सक्रिय बताए जा रहे आरोपी की गिरफ्तारी को अवैध हथियारों के कारोबार पर अंकुश लगाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्रवाई माना जा रहा है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में वरिष्ठ उपनिरीक्षक विनोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक जितेंद्र कुमार निर्मल, कांस्टेबल आनंद राजभर, हेड कांस्टेबल मिथिलेश बहादुर सिंह, कमलेश यादव, कांस्टेबल रमेश कुशवाहा, अंकित सिंह और भूपेंद्र कुमार यादव शामिल रहे।
Location : गोरखपुर
Published : 17 November 2026, 9:11 PM IST
Topics : GKP news hindi up DN news news hindi UP News