हिंदी
दर्दनाक हादसा
Budaun : जिले में तेज रफ्तार एक बार फिर जानलेवा साबित हुई। दातागंज थाना क्षेत्र में बुधवार देर रात एक अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को टक्कर मार दी। हादसे में मामा-भांजे की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। तीनों लोग शादी समारोह से लौट रहे थे।
बदायूं में तेज रफ्तार का कहर : दातागंज क्षेत्र में अज्ञात वाहन ने बाइक सवार तीन लोगों को कुचल दिया। हादसे में मामा-भांजे की मौके पर मौत हो गई, जबकि एक महिला गंभीर रूप से घायल है। बताया जा रहा है कि तीनों शादी समारोह से लौट रहे थे। हादसे के बाद चालक वाहन समेत फरार हो गया। पुलिस… pic.twitter.com/Fpl1wkpEd6
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) May 7, 2026
प्राप्त जानकारी के अनुसार, हादसा बदायूं-दातागंज मार्ग पर डहरपुर से आगे हुआ। एक ही बाइक पर सवार होकर तीन लोग दातागंज की तरफ से बदायूं आ रहे थे। तभी तेज रफ्तार अज्ञात वाहन ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि बाइक सवार तीनों लोग सड़क पर दूर जा गिरे।
बदायूं में खुशियों से लौट रहा था घर, रास्ते में मिली मौत
हादसे के बाद सड़क पर चीख-पुकार मच गई। आसपास से गुजर रहे राहगीरों ने तुरंत 108 एम्बुलेंस को सूचना दी। एम्बुलेंस की मदद से तीनों घायलों को जिला अस्पताल पहुंचाया गया। वहां डॉक्टरों ने मामा और भांजे को मृत घोषित कर दिया। महिला की हालत नाजुक बनी हुई है और उसे आईसीयू में भर्ती किया गया है।
बताया जा रहा है कि तीनों मृतक और घायल किसी रिश्तेदारी में शादी समारोह में शामिल होकर वापस घर लौट रहे थे। हादसे की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतकों के नाम अभी पुलिस द्वारा सार्वजनिक नहीं किए गए हैं। परिजनों को सूचना दे दी गई है।
घटना की सूचना मिलते ही दातागंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अज्ञात वाहन की तलाश शुरू कर दी गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है। थाना प्रभारी ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
बदायूं-दातागंज रोड पर तेज रफ्तार और ओवरलोड वाहनों के कारण आए दिन हादसे हो रहे हैं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से स्पीड ब्रेकर बनवाने और पुलिस गश्त बढ़ाने की मांग की है।
Location : Budaun
Published : 7 May 2026, 10:57 PM IST
Topics : Accident News Bike Accident Budaun Budaun News UP News