हिंदी
फायरिंग के बाद मौके पर पहुंची पुलिस (Img: Google)
Varanasi: वाराणसी शहर के यूपी कॉलेज में शुक्रवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब एक छात्र ने अपने ही साथी को गोली मार दी। इस घटना में बीएससी मैथ चौथे सेमेस्टर के छात्र सूर्य प्रताप सिंह की मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, चांदमारी निवासी आरोपी छात्र मंजीत चौहान ने सामाजिक विज्ञान संकाय के गलियारे में करीब 11 बजे पिस्टल से ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी। गोली लगने से सूर्य प्रताप गंभीर रूप से घायल हो गया। आनन-फानन में उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां से बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर किया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
फायरिंग के बाद आरोपी मौके से भाग निकला। बताया जा रहा है कि वह संकाय की पहली मंजिल पर भागा और पीछे की ओर से कूदकर फरार हो गया। जाते समय उसने पिस्टल पास ही कूड़े के ढेर में फेंक दी। पुलिस ने मौके से पिस्टल, खोखे और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है।
घटना के बाद आक्रोशित छात्रों ने कॉलेज का गेट बंद कर दिया और परिसर में जमकर हंगामा व तोड़फोड़ की। सूचना मिलते ही पुलिस कमिश्नर समेत भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित करने में जुट गया।
फिलहाल पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी है और पूरे मामले की जांच की जा रही है। घटना के पीछे के कारणों का अभी तक खुलासा नहीं हो पाया है।
Location : Varanasi
Published : 20 March 2026, 1:13 PM IST
Topics : crime news firing Student Death UP College Varanasi News