कानपुर देहात में पुलिस टीम पर हमला, नोटिस देने गई कल्यानपुर पुलिस के साथ धक्कामुक्की और मारपीट

कानपुर देहात के डेरापुर थाना क्षेत्र के रमपुरा गांव में नोटिस तामील कराने और कार बरामद करने गई कानपुर कमिश्नरेट की कल्यानपुर पुलिस टीम पर ग्रामीणों ने हमला कर दिया।

Post Published By: Priyam Kashyap
Updated : 22 September 2026, 12:08 PM IST
google-preferred

Kanpur Dehat: डेरापुर थाना क्षेत्र के रमपुरा कांधी गांव में रविवार रात पुलिस टीम पर हमले के बाद तनाव का माहौल बन गया। नोटिस तामील कराने और मुकदमे से जुड़ी कार बरामद करने पहुंची कानपुर कमिश्नरेट की कल्याणपुर थाना पुलिस के साथ ग्रामीणों की झड़प हो गई। आरोप है कि भीड़ ने पुलिसकर्मियों के साथ धक्कामुक्की और मारपीट की, जिसके बाद पुलिस को स्थिति संभालने के लिए हवाई फायरिंग करनी पड़ी।

नोटिस देने पहुंची थी पुलिस टीम

पुलिस के अनुसार, कल्याणपुर थाना क्षेत्र के एक मामले में आरोपी सोनू शुक्ला को नोटिस तामील कराने और संबंधित इनोवा कार बरामद करने के लिए टीम रमपुरा पहुंची थी। मोबाइल लोकेशन के आधार पर पुलिस आरोपी के घर पहुंची थी। टीम में तीन दरोगा, एक कांस्टेबल और मुकदमे के वादी भी शामिल थे।

यह भी पढ़ें - Kanpur Dehat: चेन छीनकर कहां उड़ाए रुपये, इनामी बदमाश की खुली कहानी

भीड़ ने शुरू कर दी धक्कामुक्की

पुलिस का आरोप है कि नोटिस लेने और जांच में सहयोग करने से इनकार करने के बाद आरोपी ने आसपास के लोगों को बुला लिया। इसके बाद मौके पर जुटी भीड़ ने पुलिस टीम के साथ धक्कामुक्की और मारपीट शुरू कर दी। इस दौरान आरोपी मौके से फरार हो गया। स्थिति बिगड़ने पर पुलिस ने खुद को सुरक्षित करने के लिए हवाई फायर किया। घटना में तीन दरोगा, एक कांस्टेबल और वादी घायल हो गए। सभी का मेडिकल परीक्षण कराया गया।

गांव में रातभर बना रहा तनाव

घटना के बाद सिकंदरा, राजपुर, मंगलपुर, डेरापुर और बरौर समेत कई थानों का पुलिस बल गांव पहुंचा। देर रात तक पुलिस वाहनों के सायरन गूंजते रहे। ग्रामीणों के अनुसार, बड़ी संख्या में पुलिस बल देखकर कई लोग कार्रवाई के डर से घर छोड़कर खेतों में चले गए और रात वहीं बिताई।

यह भी पढ़ें - Kanpur Dehat: एक बाइक की चेकिंग से खुला चोरों का पूरा काला चिट्ठा, पुलिस ने बरामद किया लाखों का माल

आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस ने मामले में नामजद और अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। सोमवार को भी गांव में पुलिस की मौजूदगी बनी रही और आरोपियों की तलाश में दबिश दी गई। एएसपी आलोक प्रसाद ने बताया कि पुलिस टीम पर हमला करने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। घायल पुलिसकर्मियों और वादी का इलाज कराया गया है। जल्द ही आरोपियों की गिरफ्तारी की जाएगी।

Location :  Kanpur Dehat

Published :  22 September 2026, 12:08 PM IST

Related News

Advertisement