हिंदी
स्वास्थ्य सेवाओं पर सवाल
मैनपुरी: अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला मैनपुरी ब्रज प्रांत के पदाधिकारियों ने जनपद की बदहाल स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में हाल ही में कीरातपुर कंपोजिट विद्यालय में हुई घटना का उल्लेख करते हुए जिम्मेदारों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है।
करीब 150 से अधिक बच्चे बीमार
मिली जानकारी के मुताबिक, एबीवीपी ने बताया कि कीरातपुर स्थित कंपोजिट विद्यालय में बच्चों को कीटनाशक दवा खिला दिए जाने से करीब 150 से अधिक बच्चे बीमार हो गए थे। कई बच्चों की हालत गंभीर होने पर उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया। परिषद ने आरोप लगाया कि जिला अस्पताल में एक ही बेड पर चार-चार बच्चों को भर्ती करना स्वास्थ्य विभाग की लापरवाही को दर्शाता है, जिससे जनपद की आपातकालीन स्वास्थ्य व्यवस्था की पोल खुल गई है।
एफआईआर दर्ज
ज्ञापन में दवाओं की गुणवत्ता पर भी सवाल उठाए गए हैं। परिषद ने घटिया और मानकविहीन दवाओं की आपूर्ति करने वाले दोषियों व संबंधित अधिकारियों पर तत्काल एफआईआर दर्ज कर कड़ी कार्रवाई की मांग की है। साथ ही सरकारी डॉक्टरों द्वारा निजी प्रैक्टिस किए जाने पर रोक लगाने और औचक निरीक्षण कराने की भी मांग उठाई गई।
24 घंटे के भीतर सुधार सुनिश्चित करने की मांग
एबीवीपी ने झोलाछाप डॉक्टरों और अवैध क्लीनिकों के खिलाफ विशेष अभियान चलाकर उन्हें सील करने की मांग की है। संगठन का कहना है कि बिना पंजीकरण संचालित क्लीनिक आम जनता के जीवन से खिलवाड़ कर रहे हैं, लेकिन स्वास्थ्य विभाग इस पर मौन बना हुआ है। परिषद ने जिला अस्पताल की व्यवस्थाओं में 24 घंटे के भीतर सुधार सुनिश्चित करने की मांग करते हुए चेतावनी दी कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं हुई तो व्यापक आंदोलन किया जाएगा।
Location : Mainpuri
Published : 11 February 2026, 3:56 PM IST
Topics : abvp Health Services Latest News mainpuri UP News