हिंदी
यूपी की सभी बड़ी खबर (फोटो सोर्स- डाइनामाइट न्यूज़)
Lucknow: देश की राजधानी दिल्ली से संचालित उत्तर प्रदेश की खबरों का नंबर-1 चैनल डाइनामाइट न्यूज़ नये प्रयोगों, बिग ब्रेकिंग समाचारों के साथ अपने कलेवर के लिए जाना जाता है। देश के सबसे अधिक जनसंख्या वाले राज्य यूपी का नंबर-1 चैनल होने के नाते हम अपने पाठकों के लिये खबरों की प्रस्तुतिकरण का नया अंदाज लेकर सामने आये हैं, जिससे प्रदेश वासियों को समाचारों का जानने का एक नया अनुभव मिलेगा। अपने पाठकों के लिये हम पेश कर रहे हैं यूपी की खबरों का एक लाइव ब्लॉग, जिसमें एक ही खबर में, एक ही जगह और एक क्लिक में आपको उत्तर प्रदेश की सभी खबरें एक साथ पढ़ने को मिलेंगी।
मिर्जापुर में करीब 64 करोड़ रुपये की लागत से बना आमघाट रेलवे ओवरब्रिज पहली ही बरसात में सवालों के घेरे में आ गया। फरवरी में आम जनता के लिए खोला गया पुल का एप्रोच मार्ग बारिश के बाद धंसकर बह गया, जबकि सड़क पर भी दरारें दिखने लगीं। आवागमन बंद होने से स्थानीय लोगों की परेशानी बढ़ गई है। लोगों ने निर्माण में भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की है। सेतु निगम के अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर जल्द मरम्मत कराने की बात कही।
मिर्जापुर के राजगढ़ थाने में पुलिसकर्मी और गांजा तस्कर के बीच कथित लेनदेन का ऑडियो वायरल होने से हड़कंप मच गया। मामले में जांच के बाद मुख्य आरक्षी रणजीत सिंह को प्रथम दृष्टया दोषी पाए जाने पर निलंबित कर दिया गया है। विभागीय जांच भी शुरू की गई है। वायरल ऑडियो के बाद ‘कारखास’ व्यवस्था पर सवाल उठ रहे हैं। आरोप है कि ऐसे पुलिसकर्मी थाने में अवैध वसूली का काम संभालते हैं। अब सवाल है कि अन्य थानों में ऐसी व्यवस्था पर कार्रवाई कब होगी।
मुज़फ़्फ़रनगर में कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण के दौरान गुरुवार देर रात शिव चौक आस्था, भक्ति और आकर्षक झांकियों से गुलजार रहा। रात करीब 11 बजे हापुड़ जनपद के आसोड़ा गांव से पहुंचे शिवभक्त हरिओम चिंगारी अपनी विशेष थीम आधारित कांवड़ के साथ शिव चौक पहुंचे। भगवान भोलेनाथ की बारात और श्मशान घाट की अवधारणा पर तैयार इस झांकी ने हजारों श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया।
बलिया। सुखपुरा थाना क्षेत्र में नाबालिग किशोरी को बहला-फुसलाकर अपने साथ ले जाने और उसके साथ गलत कृत्य किए जाने का मामला सामने आया है। घटना को लेकर पीड़ित परिवार की ओर से 7 अगस्त 2026 को सुखपुरा थाने में तहरीर दी गई। वादी ने आरोप लगाया कि पड़ोस का ही एक युवक उसकी नाबालिग पुत्री को फुसलाकर अपने साथ ले गया और उसके साथ गलत कृत्य किया। तहरीर के आधार पर सुखपुरा पुलिस ने संबंधित धाराओं में अभियोग पंजीकृत कर लिया है। इस बाबत क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा ने बताया कि मामले में विधिक कार्रवाई प्रचलित है।
औरैया के एरवाकटरा में किसानों ने अधिकारियों की अनदेखी से परेशान होकर खुद रजवाहे की सफाई का जिम्मा उठाया। करीब 200 किसानों ने 50 हजार रुपये चंदा जुटाया और जेसीबी की मदद से चार दिन में 25 किलोमीटर रजवाहा साफ कराया। किसानों का कहना है कि जिम्मेदार अधिकारियों ने समस्या पर ध्यान नहीं दिया।
महराजगंज में वन विभाग ने अवैध लकड़ी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। डीएफओ के निर्देश पर निचलौल के हर्रेडीह वार्ड स्थित आरा मशीन पर छापेमारी की गई। जांच के दौरान बिना वैध अनुमति के रखी कीमती लकड़ी बरामद हुई। वन विभाग की टीम ने लकड़ी जब्त कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी।
Location : Lucknow
Published : 8 August 2026, 9:25 AM IST