मीट बिक्री को लेकर गाजियाबाद में हंगामा; पुलिस ने खोला पूरा मामला

गाजियाबाद के खोड़ा कॉलोनी में सावन के दौरान मीट बिक्री के आरोप को लेकर हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। वायरल वीडियो के बाद पुलिस मौके पर पहुंची। जांच में दुकान पर मीट बिक्री नहीं मिली, एक व्यक्ति को पाबंद मुचलका किया गया।

Post Published By: Nitin Parashar
Updated : 8 August 2026, 5:11 AM IST
google-preferred

Ghaziabad : खोड़ा कॉलोनी में सावन महीने के दौरान मीट बिक्री को लेकर गुरुवार रात जमकर हंगामा हो गया। हिंदू संगठन के कार्यकर्ताओं ने एक दुकान पर खुलेआम मीट बेचने का आरोप लगाते हुए विरोध किया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति को संभाला। बाद में पुलिस जांच में मामला कुछ अलग सामने आया।

वायरल वीडियो के बाद बढ़ा विवाद

मामला खोड़ा थाना क्षेत्र के इतवार बाजार के पास का बताया जा रहा है। सोशल मीडिया पर इस घटना से जुड़े दो वीडियो वायरल हुए हैं। हालांकि वीडियो की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।

वीडियो में कुछ हिंदू संगठन के कार्यकर्ता आरोप लगाते नजर आ रहे हैं कि एक दुकान पर रात के समय खुलेआम पका हुआ मीट बेचा जा रहा था। इसके बाद उन्होंने संगठन के अन्य लोगों को भी मौके पर बुला लिया।

गाजियाबाद से लौटे युवक की आम के बाग में मिली लाश, हत्या या आत्महत्या? जांच में जुटी पुलिस

कांवड़ यात्रा को लेकर जताई गई आपत्ति

कार्यकर्ताओं ने बताया कि सावन महीने में कांवड़ यात्रा चल रही है और श्रद्धालुओं की आस्था को देखते हुए मीट की दुकानों को बंद रखने के निर्देश दिए गए हैं। इसके बावजूद यहां मीट बिक्री की जा रही थी।

विरोध के दौरान मौके पर दूसरे पक्ष के लोग भी पहुंच गए, जिसके बाद स्थिति तनावपूर्ण हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची और दोनों पक्षों को समझाकर मामला शांत कराया।

थाने पहुंचकर की कार्रवाई की मांग

हंगामे के बाद हिंदू संगठन के कार्यकर्ता खोड़ा थाने पहुंचे और दुकानदार के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। उन्होंने पुलिस को पूरे मामले की शिकायत भी दी। पुलिस ने मामले की जांच शुरू की और संबंधित व्यक्ति के खिलाफ पाबंद मुचलका की कार्रवाई की।

पुलिस जांच में सामने आई अलग बात

एसीपी इंदिरापुरम सूर्यबली मौर्य ने बताया कि जांच के दौरान दुकान पर मीट बेचने की पुष्टि नहीं हुई है। जांच में सामने आया कि एक व्यक्ति अपने घर में मीट बना रहा था।

उन्होंने बताया कि शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए संबंधित व्यक्ति को पाबंद मुचलका किया गया है। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले में कानून व्यवस्था बनाए रखने के लिए आवश्यक कदम उठाए गए हैं।

सोशल मीडिया वीडियो पर पुलिस की नजर

घटना के बाद वायरल हो रहे वीडियो को लेकर भी पुलिस जांच कर रही है। अधिकारियों ने बताया कि किसी भी तरह की अफवाह या माहौल खराब करने वाली गतिविधि पर नजर रखी जा रही है।

Location :  Ghaziabad

Published :  8 August 2026, 4:52 AM IST

Advertisement