हिंदी
मृतक (Img : pinterest)
Sitapur : जिले में एक बुजुर्ग की मौत के बाद जिला अस्पताल में जमकर हंगामा हो गया। खैराबाद थाना क्षेत्र में सड़क हादसे में घायल हुए 65 साल मुस्ताक की इलाज के दौरान मौत हो गई। मौत के बाद गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रशासन पर गंभीर लापरवाही और पैसे मांगने के आरोप लगाते हुए पेईंग वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और किसी तरह हालात को काबू में किया। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
जानकारी के मुताबिक रहीमाबाद निवासी मुस्ताक पुत्र मुख्तार गुरुवार को ऑटो से खैराबाद स्थित अपनी सिलाई की दुकान जा रहे थे। इसी दौरान रास्ते में एक पिकअप डाला ने ऑटो में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में मुस्ताक का बायां पैर टूट गया था। घायल हालत में उन्हें इलाज के लिए जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था।
परिजनों के मुताबिक शुक्रवार शाम करीब 8 बजे इलाज के दौरान अचानक उनकी हालत बिगड़ी और उनकी मौत हो गई। बुजुर्ग की मौत की खबर मिलते ही परिवार के लोगों का गुस्सा फूट पड़ा।
मृतक की बेटी अफसरजहां ने अस्पताल कर्मचारियों पर गंभीर आरोप लगाते हुए कहा कि भर्ती होने के बाद से इलाज के नाम पर करीब 10 हजार रुपये लिए गए। उनका कहना है कि जब सिर्फ पैर में चोट लगी थी तो आखिर मौत कैसे हो गई, यह जांच का विषय है।
सीतापुर में दर्दनाक हादसा: घर के बाहर सफाई कर रही महिला की करंट लगने से मौत, लोहे की रॉड बनी जानलेवा
परिजनों ने आरोप लगाया कि मौत से कुछ समय पहले एक नर्स ने मुस्ताक को इंजेक्शन लगाया था। जिसके बाद उनकी तबीयत अचानक खराब हो गई और उन्होंने दम तोड़ दिया। मृतक के बेटे नूरे ने भी डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया और कहा कि समय पर बेहतर उपचार मिलता तो शायद उनके पिता की जान बच सकती थी।
घटना के बाद अस्पताल परिसर में काफी देर तक अफरा-तफरी का माहौल रहा। नाराज परिजनों ने अस्पताल प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की और पेईंग वार्ड में तोड़फोड़ कर दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थिति को शांत कराया।
पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों ने बताया कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
Location : Sitapur
Published : 7 August 2026, 10:22 PM IST