हिंदी
अघोरी और पिशाचों के तांडव ने खींचा ध्यान (Source: Dynamite News)
Muzaffarnagar: कांवड़ यात्रा के अंतिम चरण में गुरुवार देर रात मुजफ्फरनगर का शिव चौक आस्था, भक्ति और अनोखी धार्मिक झांकियों से सराबोर नजर आया। रात करीब 11 बजे हापुड़ जिले के आसोड़ा गांव से पहुंचे शिवभक्त हरिओम चिंगारी की विशेष थीम आधारित कांवड़ ने श्रद्धालुओं का ध्यान अपनी ओर खींच लिया। भगवान भोलेनाथ की बारात और श्मशान घाट की थीम पर तैयार की गई झांकी देखने के लिए बड़ी संख्या में लोग जुट गए।
झांकी में भगवान शिव के अघोर स्वरूप को प्रदर्शित किया गया था। अघोरी, भूत-प्रेत और पिशाचों की वेशभूषा में कलाकारों ने तांडव नृत्य की प्रस्तुति देकर माहौल को बेहद प्रभावशाली बना दिया।
विशेष प्रकाश व्यवस्था, ध्वनि प्रभाव और धार्मिक प्रतीकों से सजी इस झांकी ने शिव चौक पर मौजूद श्रद्धालुओं को आकर्षित किया। प्रस्तुति के दौरान लगातार 'हर-हर महादेव' और 'बोल बम' के जयघोष गूंजते रहे।
झांकी के दौरान एक कलाकार के अग्नि प्रदर्शन ने भी लोगों का ध्यान अपनी ओर खींचा। प्रदर्शन देखने के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु मौके पर रुक गए। कई लोगों ने अपने मोबाइल फोन से झांकी की तस्वीरें और वीडियो रिकॉर्ड किए।
अनोखी सजावट और कलाकारों की प्रस्तुति को देखने के लिए शिव चौक पर देर रात तक लोगों की भीड़ बनी रही।
Muzaffarnagar: न आंखें खोलेंगे, न रास्ता देखेंगे! शिवभक्त की अनोखी कांवड़ यात्रा ने जीता सभी का दिल
शिवभक्त हरिओम चिंगारी ने बताया कि उनकी टीम हर साल अलग-अलग विषयों पर कांवड़ और झांकी तैयार करती है। इस बार भगवान शिव की बारात के माध्यम से सनातन परंपरा में वर्णित भोलेनाथ के अघोर स्वरूप को लोगों तक पहुंचाने का प्रयास किया गया।
उन्होंने बताया कि झांकी तैयार करने में लंबे समय तक मेहनत की गई, ताकि धार्मिक आस्था के साथ सांस्कृतिक और आध्यात्मिक संदेश भी लोगों तक पहुंचाया जा सके।
झांकी को देखने के लिए भीड़ बढ़ने के बावजूद पुलिस और स्वयंसेवकों ने सुरक्षा और यातायात व्यवस्था को संभाले रखा। श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु बनाए रखने के लिए लगातार निगरानी की गई।
देर रात तक शिव चौक पर हर-हर महादेव और बोल बम के जयकारे गूंजते रहे। भगवान भोलेनाथ की यह अनोखी बारात कांवड़ यात्रा के दौरान लोगों के बीच चर्चा का प्रमुख विषय बनी रही।
Location : Muzaffarnagar
Published : 8 August 2026, 8:42 AM IST