हिंदी
प्रतीकात्मक छवि (Img- Pinterest)
Jalandhar: जालंधर के मकसूदां बाईपास हाईवे पर शनिवार की सुबह एक दर्दनाक हादसे के साथ शुरू हुई। सड़क किनारे या बीच में गैर-जिम्मेदाराना तरीके से खड़े वाहन किस तरह जानलेवा साबित हो सकते हैं, इसकी खौफनाक तस्वीर यहां देखने को मिली। हाईवे पर खड़े एक लावारिस ट्रक के कारण तेज रफ्तार स्विफ्ट कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें सवार तीन निर्दोष युवकों की मौके पर ही सांसे थम गईं। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई।
प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, स्विफ्ट कार काफी रफ्तार में हाईवे से गुजर रही थी। तभी अचानक सड़क पर खड़े ट्रक से कार की जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा पूरी तरह चकनाचूर हो गया। इसके बाद कार अनियंत्रित होकर सीधे डिवाइडर से जा भिड़ी। हादसे की आवाज इतनी तेज थी कि आसपास के लोग सहम गए और तुरंत मौके की ओर दौड़े।
हादसे को अंजाम देने के बाद संवेदनहीनता का परिचय देते हुए ट्रक चालक अपने वाहन को सड़क के बीचों-बीच छोड़कर मौके से रफूचक्कर हो गया। दुर्घटनाग्रस्त कार और बीच रास्ते में खड़े ट्रक की वजह से मकसूदां बाईपास पर यातायात पूरी तरह ठप हो गया। देखते ही देखते दोनों दिशाओं में गाड़ियों की लंबी-लंबी कतारें लग गईं, जिससे आम यात्रियों को भारी परेशानी झेलनी पड़ी।
अमृतसर और जालंधर में भाजपा ने करायें ब्लास्ट, किसने दिया ये कड़ा बयान
सूचना मिलते ही पुलिस टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थानीय लोगों की मदद से कार के मलबे में फंसे तीनों युवकों के शवों को बड़ी मशक्कत के बाद बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मृतकों की शिनाख्त की कोशिश की जा रही है। हाईवे पर यातायात बहाल कराने के साथ ही पुलिस अब आसपास लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया जा सके।
Location : Jalandhar
Published : 8 August 2026, 10:09 AM IST