हिंदी
पप्पू यादव हमला केस के आरोपियों का हुआ जोरदार स्वागत
Bulandshahr : बिहार के पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव पर हमले के मामले में आरोपी रहे दो भाजपा नेताओं का क्षेत्र में लौटने पर जोरदार स्वागत किए जाने का मामला सामने आया है। दिल्ली स्थित सांसद के आवास पर हुए हमले के आरोपियों हैप्पी शर्मा और सुमित गिरि के स्वागत में रोड शो निकाला गया, जिसके बाद राजनीतिक हलकों में चर्चा तेज हो गई है।
जानकारी के मुताबिक हैप्पी शर्मा और सुमित गिरि पर आरोप है कि उन्होंने सांसद पप्पू यादव की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान उनके साथ मारपीट और हमला करने की कोशिश की थी। घटना के बाद पुलिस ने दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया था।
मामले ने उस समय काफी तूल पकड़ा था, क्योंकि सांसद पर हुए हमले के बाद उनके समर्थकों में भी काफी आक्रोश देखने को मिला था।
घटना के दौरान सांसद समर्थकों ने दोनों आरोपियों की पिटाई कर दी थी। इसी दौरान एक आरोपी मौके से भागने में सफल रहा था। अब मामले में आरोपी रहे दोनों युवकों के क्षेत्र में वापस लौटने पर समर्थकों ने उनका स्वागत किया।
स्वागत कार्यक्रम के दौरान समर्थकों ने नारेबाजी की और रोड शो निकाला। इसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर सामने आने के बाद यह मामला फिर चर्चा में आ गया है।
बताया जा रहा है कि स्वागत कार्यक्रम में भाजपा से जुड़े कई नेता और समर्थक मौजूद रहे। इसको लेकर राजनीतिक गलियारों में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं।
वहीं, सांसद पप्पू यादव पर हुए हमले का मामला एक बार फिर सुर्खियों में आ गया है। विपक्षी दल इस मुद्दे को लेकर भाजपा पर निशाना साध सकते हैं।
जानकारी के अनुसार गांव सिखैड़ा में ग्राम प्रधान बबलू चौधरी और कुशल चौधरी की मौजूदगी में स्वागत किया गया। इसके अलावा गांव नैथला में राष्ट्रपति पुरस्कार प्राप्त शिक्षक राजकुमार शर्मा, ग्राम प्रधान प्रियांक कौशिक समेत कई लोगों ने दोनों का स्वागत किया। गांव गंगेरुआ में हिंदू रक्षा दल की टीम की ओर से काशी राठौर, जीतू, आकाश समेत अन्य लोगों ने भी स्वागत कार्यक्रम में हिस्सा लिया।
Location : Bulandshahr
Published : 8 August 2026, 6:05 AM IST