हिंदी
सर्दियों में महंगी हुई CNG-PNG (Image Source: X)
Lucknow: सर्दियों में प्राकृतिक गैस की बढ़ती मांग और अंतरराष्ट्रीय बाजार में आपूर्ति को लेकर अनिश्चितता के बीच उत्तर प्रदेश के पांच शहरों में सीएनजी और पीएनजी की कीमतें बढ़ा दी गई हैं। ग्रीन गैस लिमिटेड (जीजीएल) ने दोनों ईंधनों की खुदरा दरों में बदलाव किया है। नई कीमतें रविवार, 22 नवंबर की सुबह छह बजे से लागू हो गई हैं। सीएनजी के दाम में दो रुपये प्रति किलो और घरेलू पीएनजी की कीमत में एक रुपये प्रति स्टैंडर्ड क्यूबिक मीटर (एससीएम) की बढ़ोतरी की गई है।
लखनऊ में अब वाहन चालकों को एक किलो सीएनजी के लिए 108 रुपये के बजाय 110 रुपये चुकाने होंगे। यानी सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलो का इजाफा हुआ है। वहीं, घरों में पाइपलाइन के जरिए पहुंचने वाली पीएनजी की कीमत 56.50 रुपये से बढ़कर 57.50 रुपये प्रति एससीएम हो गई है।
Sitapur Accident: नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, अज्ञात वाहन की टक्कर से दो युवकों की मौत
इस बदलाव का असर वाहन चालकों के साथ घरेलू रसोई के बजट पर भी पड़ेगा। सीएनजी से चलने वाले वाहनों में ईंधन भरवाने का खर्च बढ़ेगा, जबकि पाइपलाइन से रसोई गैस इस्तेमाल करने वाले उपभोक्ताओं को भी अब पहले के मुकाबले अधिक कीमत चुकानी होगी।
ग्रीन गैस लिमिटेड की ओर से जारी नई दरों के मुताबिक, लखनऊ के अलावा आगरा, उन्नाव, अयोध्या और सुलतानपुर में भी सीएनजी की कीमतें बढ़ाई गई हैं। आगरा में सीएनजी अब 108 रुपये के बजाय 110 रुपये प्रति किलो मिलेगी। उन्नाव में इसकी कीमत 105 रुपये से बढ़कर 107 रुपये प्रति किलो हो गई है।
अयोध्या और सुलतानपुर में सीएनजी के दाम 106 रुपये से बढ़ाकर 108 रुपये प्रति किलो कर दिए गए हैं। इस तरह पांचों शहरों में सीएनजी की कीमत में दो रुपये प्रति किलो की समान बढ़ोतरी हुई है।
पीएनजी की दरों में भी सभी पांच शहरों में एक रुपये प्रति एससीएम का इजाफा किया गया है। आगरा में नई कीमत 57.50 रुपये, उन्नाव में 57 रुपये और अयोध्या व सुलतानपुर में 58.50 रुपये प्रति एससीएम निर्धारित की गई है।
कंपनी के डीजीएम-मार्केटिंग प्रवीण सिंह के अनुसार, सर्दियों में मांग बढ़ने और वैश्विक आपूर्ति की अनिश्चितताओं के कारण आरएलएनजी की खरीद लागत बढ़ी है। इसी वजह से सीएनजी और पीएनजी की खुदरा कीमतों में बदलाव किया गया है। नई दरें 22 नवंबर की सुबह छह बजे से प्रभावी हैं।
Location : Lucknow
Published : 23 November 2026, 4:35 AM IST