हिंदी
सपा ने प्रदर्शन किया
Noida: उत्तर भारत की सांसें जिस पहाड़ से चलती हैं। उस अरावली को बचाने के लिए समाजवादी पार्टी ने मजबूत आवाज उठाई है। अरावली बचाओ, जीवन बचाओ और सरकार को जगाओ के नारे के साथ सपा नोएडा महानगर ने कैंडल मार्च निकालकर विरोध प्रदर्शन किया। यह कैंडल मार्च सेक्टर 53 स्थित कंचनजंगा मार्केट से शुरू होकर सिटी सेंटर तक निकाला गया। मार्च में सैकड़ों की संख्या में समाजवादी पार्टी के नेता, कार्यकर्ता मौजूद रहे।
सपा नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता ने कहा कि अरावली पर्वतमाला सदियों से राजस्थान, हरियाणा, दिल्ली और आसपास के क्षेत्रों को मरुस्थल बनने से बचाती आ रही है। अरावली की पहाड़ियां रेत के तूफानों को रोकती हैं और भूजल को रिचार्ज करने में अहम भूमिका निभाती हैं। अगर अरावली कमजोर हुई तो इसका असर पूरे उत्तर भारत के जीवन पर पड़ेगा। समाजवादी पार्टी आने वाली पीढ़ियों के भविष्य की लड़ाई भी लड़ रही है।
महानगर महासचिव विकास यादव और प्रदेश सचिव सुनील चौधरी ने कहा कि आज अरावली का अस्तित्व अवैध खनन, अंधाधुंध पेड़ों की कटाई और बेतरतीब शहरी विस्तार के कारण खतरे में है। पहाड़ काटे जा रहे हैं। जंगल खत्म हो रहे हैं। पानी के प्राकृतिक स्रोत सूखते जा रहे हैं। इसका सीधा असर मौसम, खेती और आम आदमी की रोजमर्रा की जिंदगी पर पड़ रहा है।
सपा प्रवक्ता गौरव चाचरा ने कहा कि अरावली केवल जमीन पानी, हवा और जीवन का सुरक्षा कवच है। यह 600 मीटर की ऊंचाई आने वाली 600 पीढ़ियों के भविष्य का सवाल है। अगर आज प्रकृति हारी तो कल इंसान को इसकी भारी कीमत चुकानी पड़ेगी। उन्होंने कहा कि अरावली को बचाने के लिए सख्त कदम उठाएं जाए। तभी आने वाली पीढ़ियों को सुरक्षित, स्वच्छ और संतुलित पर्यावरण मिल पाएगा।
नोएडा : अरावली बचाने सड़कों पर उतरी समाजवादी पार्टी, नोएडा महानगर अध्यक्ष डॉ. आश्रय गुप्ता के नेतृत्व में कैंडल मार्च निकाला गया। @samajwadiparty #Noida #aravallihills #Aravalli pic.twitter.com/H93gqKnXbp
— डाइनामाइट न्यूज़ हिंदी (@DNHindi) December 24, 2025
Location : Noida
Published : 24 December 2025, 8:32 PM IST