हिंदी
सुल्तानपुर में स्कूल परिसर में डबल मर्डर (Source: Dynamite News)
Sltanpur: कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुंभी डड़िया गांव में सोमवार देर रात एक दंपती की हत्या से सनसनी फैल गई। मंगलवार सुबह निजी विद्यालय परिसर में प्रधानाध्यापक और उनकी पत्नी के खून से लथपथ शव मिले। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके से धारदार और भारी हथियार मिलने की बात सामने आई है। पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल लोगों की पहचान करने में जुटी है।
मृतकों की पहचान मुकेश सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) के रूप में हुई है। मुकेश सिंह कंपोजिट विद्यालय खुनहट में प्रधानाध्यापक थे और प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतीगरपुर के अध्यक्ष भी बताए जाते हैं। वहीं उनकी पत्नी विनीता सिंह निजी विद्यालय का संचालन करती थीं।
बताया गया कि मंगलवार सुबह करीब सात बजे स्कूल का चालक वाहन की चाबी लेने परिसर में पहुंचा। वहां दोनों के शव देखकर उसके होश उड़ गए। उसने तत्काल घटना की जानकारी आसपास के लोगों और पुलिस को दी।
सूचना मिलते ही एसपी विनीत जायसवाल और सीओ कादीपुर विनय गौतम पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने परिसर को खंगाला और मौके से साक्ष्य जुटाए। घटनास्थल से फावड़ा, कुल्हाड़ी और चाकू मिलने की जानकारी सामने आई है।
पुलिस की शुरुआती जांच में धारदार और भारी हथियारों से हमला किए जाने की बात सामने आई है। हालांकि इन हथियारों का इस्तेमाल किसने और किस परिस्थिति में किया, इसकी पुष्टि जांच के बाद ही हो सकेगी।
पुलिस की प्रारंभिक जांच के अनुसार आशंका है कि विनीता सिंह की हत्या विद्यालय के एक कमरे में की गई। इसके बाद मुकेश सिंह जान बचाने के लिए करीब 150 मीटर दूर तक भागे होंगे। आशंका है कि हमलावरों ने उनका पीछा कर उन्हें भी घेर लिया।
हालांकि यह अभी पुलिस की प्रारंभिक जांच का हिस्सा है। हत्या की वास्तविक वजह क्या थी और वारदात में कितने लोग शामिल थे, यह अभी स्पष्ट नहीं है। पुलिस अलग-अलग पहलुओं को ध्यान में रखकर जांच कर रही है।
मुकेश सिंह शिक्षक संघ का चुनाव भी लड़ रहे थे। चुनाव 30 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन 28 सितंबर को इसे टाल दिया गया था। इसी वजह से क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं हैं। हालांकि पुलिस ने फिलहाल हत्या को शिक्षक संघ के चुनाव से जोड़कर कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं की है।
विनीता सिंह निजी इंटर कॉलेज चलाती थीं और पिछले जिला पंचायत चुनाव में वार्ड नंबर 11 से प्रत्याशी भी रही थीं। दंपती अपने पैतृक आवास स्थित विद्यालय परिसर में रहते थे।
Gorakhpur: गोरखपुर में प्रदर्शन के बाद पुलिस का एक्शन, पुतला दहन और झड़प मामले में आरोपी गिरफ्तार
बताया गया कि मुकेश सिंह पहले शिक्षामित्र रहे और वर्ष 2009 में सहायक अध्यापक बने थे। वर्ष 2013 से वह प्राथमिक शिक्षक संघ, मोतीगरपुर के अध्यक्ष बताए जाते हैं।
दंपती का इकलौता बेटा अभ्युदय सिंह (20) दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई कर रहा है। माता-पिता की हत्या की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। पुलिस घटनास्थल से मिले साक्ष्यों और संभावित विवादों की कड़ियां जोड़ते हुए दोहरे हत्याकांड के खुलासे में जुटी है।
Location : Sultanpur
Published : 29 September 2026, 12:45 PM IST
Topics : crime news Double Murder Kadipur sultanpur news UP News