हिंदी
धीमी प्रगति पर सुलतानपुर डीएम नाराज
सुलतानपुर: अन्नपूर्णा भवनों के निर्माण में धीमी प्रगति पर जिलाधिकारी इंद्रजीत सिंह ने नाराजगी जताते हुए अधिकारियों को भूमि विवादों का प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण कराने और निर्माण कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।
कलेक्ट्रेट के नवीन सभागार में मुख्य विकास अधिकारी विनय कुमार सिंह की उपस्थिति में खाद्य एवं रसद विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान बताया गया कि जिले में 1,079 उचित दर की दुकानें संचालित हैं और 4,63,652 लाभार्थी योजनाओं से आच्छादित हैं। राशन कार्डों की आधार सीडिंग 100 प्रतिशत पूरी हो चुकी है, जबकि प्रधानमंत्री उज्ज्वला योजना के तहत 2,35,288 गैस कनेक्शन जारी किए गए हैं।
अन्नपूर्णा भवनों की समीक्षा में सामने आया कि पिछले तीन वर्षों में जिले को 281 भवनों का लक्ष्य मिला था। इनमें 41 भवन निर्माणाधीन हैं, जबकि 145 भवनों का निर्माण अभी अवशेष है। इस पर डीएम ने संबंधित अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए।
डीएम ने सप्लाई इंस्पेक्टरों को कड़ी फटकार लगाते हुए निर्देश दिया कि वे अपने-अपने क्षेत्र के लेखपालों के साथ समन्वय कर अवशेष भवनों से जुड़े भूमि विवादों की रिपोर्ट तैयार करें और मुख्य विकास अधिकारी के साथ साझा करें। उन्होंने जिला पूर्ति अधिकारी को निर्देशित किया कि प्रतिदिन सुबह 10 से 12 बजे तक भूमि विवादों की प्रगति और अवरोधों की समीक्षा की जाए। निर्माण में अनावश्यक देरी किसी भी स्थिति में स्वीकार नहीं की जाएगी।
बैठक में खाद्यान्न भंडारण की भी समीक्षा हुई। अधिकारियों ने बताया कि जिले में 37 हजार मीट्रिक टन भंडारण क्षमता उपलब्ध है और निर्धारित लक्ष्य के सापेक्ष 100 प्रतिशत उपलब्धि हासिल की जा चुकी है। गेहूं खरीद में लक्ष्य के सापेक्ष 119 प्रतिशत उपलब्धि दर्ज की गई है।
जिलाधिकारी ने अधिकारियों को क्षेत्र में सक्रिय रहकर योजनाओं की नियमित निगरानी करने और शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पारदर्शी एवं समयबद्ध ढंग से पहुंचाने के निर्देश दिए।
Location : Sultanpur
Published : 7 September 2026, 6:27 PM IST
Topics : Annapurna Bhawan DM land dispute sultanpur UP News