Sonbhadra News: सोन नदी में डूबने से दो छात्रों की दर्दनाक मौत, बरवाडीह गांव में पसरा मातम

सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाडीह में रविवार का दिन मातम में बदल गया, जब सोननदी में डूबने से दो किशोर छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई।

Updated : 17 May 2026, 6:31 PM IST
google-preferred

Sonbhadra News:  उत्तर प्रदेश के सोनभद्र के कोन थाना क्षेत्र के ग्राम पंचायत बरवाडीह में रविवार का दिन मातम में बदल गया, जब सोननदी में डूबने से दो किशोर छात्रों की दर्दनाक मौत हो गई। इस हृदयविदारक घटना से पूरे गांव में कोहराम मच गया। एक साथ दो युवाओं की मौत की खबर सुनते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

क्या है पूरी खबर

मिली जानकारी के अनुसार, बरवाडीह निवासी विमलेश पासवान (19) पुत्र अशोक पासवान तथा अवनीश कन्नौजिया (18) पुत्र सिकंदर कन्नौजिया अपने साथी रामगढ़ निवासी धीरज के साथ स्कूटी से कोन ट्यूशन पढ़ने आए थे। तीनों इंटरमीडिएट के छात्र बताए जा रहे हैं। ट्यूशन समाप्त होने के बाद तीनों दोस्त घूमने के उद्देश्य से सोननदी की ओर चले गए। बताया जा रहा है कि नदी किनारे पहुंचने के बाद विमलेश और अवनीश नहाने के लिए पानी में उतर गए, जबकि उनका साथी धीरज किनारे पर ही मौजूद था। नहाने के दौरान अचानक दोनों छात्र गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। बचाव के लिए दोनों की चीख-पुकार सुनकर धीरज घबरा गया और आसपास मौजूद लोगों को मदद के लिए आवाज लगाने लगा।

Deoghar: मोहनपुर में देर रात पुलिस की घेराबंदी, पश्चिम बंगाल के सप्लायर समेत 4 गिरफ्तार

जान बचाने के लिए नदी में उतरे

शोर सुनकर ग्रामीण तत्काल मौके पर पहुंचे और जान बचाने के लिए नदी में उतर गए। काफी मशक्कत के बाद दोनों छात्रों को बाहर निकाला गया, लेकिन तब तक बहुत देर हो चुकी थी। दोनों की सांसें थम चुकी थीं। यह दृश्य देखकर मौके पर मौजूद लोगों की आंखें नम हो गईं। घटना की सूचना मिलते ही कोन थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र भेज दिया। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।

इटावा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग करने वाला शातिर अपराधी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

परिजनों के घरों में चीख-पुकार मची

एक साथ दो होनहार छात्रों की मौत से बरवाडीह गांव में मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। परिजनों के घरों में चीख-पुकार मची हुई है। गांव के लोग इस हादसे से स्तब्ध हैं। हर किसी की जुबान पर यही सवाल है कि आखिर कुछ ही पलों में दो परिवारों की खुशियां कैसे उजड़ गईं। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से सोननदी के खतरनाक घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था और चेतावनी बोर्ड लगाए जाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की दर्दनाक घटनाओं को रोका जा सके।

Location :  Sonbhadra

Published :  17 May 2026, 6:31 PM IST

Advertisement