इटावा में पुलिस-बदमाशों के बीच मुठभेड़, फायरिंग करने वाला शातिर अपराधी पैर में गोली लगने के बाद गिरफ्तार

इटावा में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया।

Post Published By: Rohit Goyal
Updated : 17 May 2026, 6:18 PM IST
google-preferred

Etawah: इटावा में अपराध नियंत्रण अभियान के तहत फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस और एक शातिर बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में बदमाश के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस और घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल बरामद की गई है।

पुलिस के अनुसार, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक बृजेश कुमार श्रीवास्तव के निर्देश पर वांछित और अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाया जा रहा था। इसी क्रम में 17 मई 2026 को फ्रेंड्स कॉलोनी थाना पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। तभी सूचना मिली कि एक युवक इटगांव क्षेत्र में फायरिंग करते हुए मोटरसाइकिल से इटावा की ओर आ रहा है।

पुलिस पर फायरिंग

सूचना के आधार पर पुलिस टीम ने डीएफसी रेलवे लाइन के पास वाहन चेकिंग शुरू कर दी। कुछ देर बाद संदिग्ध मोटरसाइकिल सवार दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रुकने का इशारा किया, लेकिन वह भागने लगा। पीछा किए जाने पर आरोपी ने खुद को घिरता देख पुलिस टीम पर जानलेवा फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी फायरिंग की, जिसमें आरोपी रोहित उर्फ लुक्का के दाहिने पैर में गोली लग गई। घायल अवस्था में उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसे इलाज के लिए जिला अस्पताल भेजा गया।

आरोपियों की हुई पहचान

गिरफ्तार आरोपी की पहचान रोहित उर्फ लुक्का पुत्र अभिलाख निवासी कोकपुरा थाना फ्रेंड्स कॉलोनी के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक आरोपी शातिर किस्म का अपराधी है और उसके खिलाफ हत्या के प्रयास, आर्म्स एक्ट, चोरी और अवैध शराब तस्करी समेत कुल 15 आपराधिक मामले दर्ज हैं।

पुलिस ने आरोपी के पास से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और घटना में इस्तेमाल बजाज सीटी-100 मोटरसाइकिल बरामद की है। बरामद बाइक को एमवी एक्ट की धारा 207 के तहत सीज कर दिया गया है।

इस संबंध में उत्तर प्रदेश पुलिस ने थाना फ्रेंड्स कॉलोनी में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। कार्रवाई थानाध्यक्ष अमित मिश्रा और उनकी टीम द्वारा की गई।

Location :  Etawah

Published :  17 May 2026, 6:18 PM IST

Advertisement